झांसी। यात्रियों की अतिरिक्त भीड़ को देखते हुए रेलवे प्रशासन ने कानपुर सेंट्रल और तिरुच्चिरापल्ली के मध्य विशेष रेलगाड़ी संचालित करने का निर्णय लिया है। इस स्पेशल ट्रेन के संचालन से उत्तर प्रदेश, मध्य प्रदेश, महाराष्ट्र, तेलंगाना, आंध्र प्रदेश और तमिलनाडु के यात्रियों को राहत मिलेगी। झांसी मंडल के यात्रियों को भी इसका लाभ मिलेगा, क्योंकि ट्रेन का ठहराव वीरांगना लक्ष्मीबाई झांसी स्टेशन पर निर्धारित किया गया है।

रेलवे प्रशासन के अनुसार, गाड़ी संख्या 01927 कानपुर सेंट्रल–तिरुच्चिरापल्ली विशेष रेलगाड़ी प्रत्येक बुधवार को 17 जून और 24 जून 2026 को कानपुर सेंट्रल से सुबह 8:10 बजे रवाना होगी। यह ट्रेन पुखरायां, उरई, वीरांगना लक्ष्मीबाई झांसी, ललितपुर, बीना, भोपाल, इटारसी, नागपुर, बल्लारशाह, विजयवाड़ा, तिरुपति सहित विभिन्न स्टेशनों पर ठहरते हुए तिरुच्चिरापल्ली जंक्शन सुबह 8:40 बजे पहुंचेगी। झांसी स्टेशन पर इस ट्रेन का आगमन दोपहर 12:40 बजे तथा प्रस्थान 12:45 बजे निर्धारित किया गया है।
गाड़ी संख्या 01928 तिरुच्चिरापल्ली–कानपुर सेंट्रल विशेष रेलगाड़ी प्रत्येक शुक्रवार को 19 जून और 26 जून 2026 को तिरुच्चिरापल्ली जंक्शन से रात 11:45 बजे प्रस्थान करेगी। वापसी में यह ट्रेन तिरुपति, विजयवाड़ा, नागपुर, भोपाल, बीना, ललितपुर और वीरांगना लक्ष्मीबाई झांसी सहित विभिन्न स्टेशनों से होकर गुजरेगी तथा कानपुर सेंट्रल सुबह 4:30 बजे पहुंचेगी। झांसी स्टेशन पर इस ट्रेन का आगमन रात्रि 10:30 बजे तथा प्रस्थान 10:35 बजे होगा।
रेलवे अधिकारियों ने बताया कि यह विशेष रेलगाड़ी यात्रियों की बढ़ती मांग और अतिरिक्त भीड़ को ध्यान में रखते हुए चलाई जा रही है, जिससे दक्षिण भारत की यात्रा करने वाले यात्रियों को सुविधा मिल सकेगी।
