झांसी। रेल यात्रियों की सुरक्षा को मजबूत बनाने की दिशा में झांसी रेल मंडल ने एक और महत्वपूर्ण उपलब्धि हासिल की है। शुक्रवार को झांसी-ललितपुर के बीच 90 किलोमीटर लंबे रेलखंड पर स्वदेशी ‘मानक कवच’ प्रणाली की सफल कमीशनिंग की गई। इस दौरान रेलखंड पर कुल 1437 आरएफआईडी टैग लगाए गए हैं।
उत्तर मध्य रेलवे के महाप्रबंधक नरेश पाल सिंह के मार्गदर्शन और मंडल रेल प्रबंधक अनिरुद्ध कुमार के नेतृत्व में परियोजना इकाई झांसी ने यह कार्य पूरा किया।
कवच एक स्वदेशी ऑटोमैटिक ट्रेन प्रोटेक्शन प्रणाली है, जो मानवीय चूक की स्थिति में ट्रेन परिचालन को सुरक्षित बनाने में मदद करती है। यह ट्रेन की गति को नियंत्रित करने के साथ आमने-सामने और पीछे से होने वाली टक्कर, बिना नियंत्रण ट्रेन चलने तथा निर्धारित स्थान पर ट्रेन को स्थिर रखने जैसी परिस्थितियों में सुरक्षा प्रदान करती है।
