झांसी। प्रारंभिक अर्हता परीक्षा (पीईटी)-2026 शुक्रवार को जनपद के 37 परीक्षा केंद्रों पर दो पालियों में कड़ी निगरानी के बीच संपन्न हुई। परीक्षा को नकलविहीन और शुचितापूर्ण ढंग से कराने के लिए जिलाधिकारी गौरांग राठी ने बुंदेलखंड महाविद्यालय स्थित परीक्षा केंद्र का निरीक्षण किया। उन्होंने केंद्र व्यवस्थापकों और मजिस्ट्रेटों को आवश्यक दिशा-निर्देश देते हुए स्पष्ट किया कि परीक्षा में किसी भी स्तर पर लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
जिलाधिकारी ने निरीक्षण के दौरान परीक्षार्थियों की बायोमैट्रिक उपस्थिति, सीसीटीवी कैमरों की कार्यशीलता और परीक्षा कक्षों की व्यवस्थाओं का जायजा लिया। उन्होंने पेयजल, शौचालय, प्रकाश व्यवस्था और अभ्यर्थियों के बैठने की समुचित व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। सभी केंद्रों पर सेक्टर और स्टैटिक मजिस्ट्रेट तैनात किए गए थे तथा सीसीटीवी कैमरों से निगरानी की गई।
जिलाधिकारी ने परीक्षार्थियों के परिजनों से भी किया संवाद
इस दौरान जिलाधिकारी ने परीक्षा केंद्र के बाहर मौजूद परीक्षार्थियों के परिजनों से भी संवाद किया। प्रयागराज से आए कुछ परिजनों ने बताया कि वे एक दिन पहले झांसी पहुंचे थे और नगर निगम की ओर से उपलब्ध कराए गए आश्रय स्थल पर निःशुल्क ठहरे। टैक्सी से आवागमन के दौरान भी उनसे निर्धारित किराये से अधिक वसूली नहीं की गई। जिलाधिकारी ने परीक्षार्थियों और उनके परिजनों को सुविधाएं उपलब्ध कराने में जुटे अधिकारियों की सराहना की।
अपर जिलाधिकारी प्रशासन संजय चावला ने बताया कि पहली पाली में पंजीकृत 15,696 अभ्यर्थियों में से 10,305 उपस्थित और 5,391 अनुपस्थित रहे। दूसरी पाली में 15,696 अभ्यर्थियों में से 10,276 ने परीक्षा दी, जबकि 5,420 अनुपस्थित रहे। इस प्रकार दोनों पालियों में कुल 20,581 अभ्यर्थी परीक्षा में शामिल हुए।
परीक्षार्थियों को रात्रि में ठहरने की सुविधा उपलब्ध कराने के लिए जिलाधिकारी के निर्देश पर अधिकारियों ने नगर के रैन बसेरों का निरीक्षण किया। वहां निःशुल्क ठहरने सहित अन्य व्यवस्थाएं सुनिश्चित की गईं। निरीक्षण के दौरान अपर जिलाधिकारी प्रशासन संजय चावला, पुलिस अधीक्षक नगर प्रीति सिंह और बीकेडी के प्राचार्य सहित अन्य अधिकारी मौजूद रहे।
जनपद में पीईटी-2026 की अगली परीक्षा 1 नवंबर को भी 37 केंद्रों पर आयोजित होगी। प्रशासन ने परीक्षा की शुचिता बनाए रखने और अभ्यर्थियों को आवश्यक सुविधाएं उपलब्ध कराने के लिए सभी व्यवस्थाएं सुनिश्चित करने के निर्देश दिए हैं।
वैभव सिंह
बुंदेलखंड कनेक्शन
