झांसी। नगर आयुक्त आकांक्षा राणा ने गुरुवार सुबह वार्ड संख्या 59 का निरीक्षण कर सफाई व्यवस्था, जल निकासी, सड़क मरम्मत और अतिक्रमण की स्थिति का जायजा लिया। निरीक्षण के दौरान विभिन्न स्थानों पर अव्यवस्थाएं मिलने पर संबंधित अधिकारियों को तत्काल सुधारात्मक कार्रवाई के निर्देश दिए। वहीं नालियों की सफाई में लापरवाही पाए जाने पर संबंधित सफाई हवलदार को कारण बताओ नोटिस जारी करने के आदेश भी दिए गए।
निरीक्षण के दौरान मालियों के चौराहे के पास बने मूत्रालय को क्षेत्र की आवश्यकता के अनुसार सार्वजनिक शौचालय में परिवर्तित करने के निर्देश दिए गए। बड़ा बाजार मार्ग पर जल निगम द्वारा पाइपलाइन डालने के बाद क्षतिग्रस्त छोड़ी गई सड़क की मरम्मत कराने के लिए जल निगम से समन्वय स्थापित कर कार्य कराने को कहा गया।

सेंट्रल बैंक ऑफ इंडिया के एटीएम के पास चबूतरे के नीचे जमा कचरे की सफाई कराने, चबूतरे में आवश्यक बदलाव करने तथा वहां लगी मोटर को दुरुस्त कराने के निर्देश भी दिए गए। मजदूरों वाली गली स्थित प्याऊ की मरम्मत कर पानी की निकासी व्यवस्थित करने को कहा गया।
सब्जी मंडी के पास सड़क पर ठेले लगाकर किए जा रहे अतिक्रमण के खिलाफ नियमित अभियान चलाने तथा ट्रांसफार्मर के पास लगी अवैध होर्डिंग्स हटाने के निर्देश दिए गए। हजरयाना स्थित गऊघाट के सामने कूड़ा संग्रहण स्थल पर प्लेटफॉर्म निर्माण, नाली की मरम्मत और ड्रेन कवर व्यवस्थित कराने के आदेश दिए गए, जबकि रामराजा ऑटो पार्ट्स के पास नए नाले में जलभराव की शिकायत मिलने पर संबंधित ठेकेदार से मरम्मत कराने को कहा गया।
जनक कंप्यूटर्स और एस.के. टेलर्स के सामने नालियों की तत्काल सफाई कर फोटो उपलब्ध कराने के निर्देश दिए गए। साथ ही वार्ड की विभिन्न गलियों में इंटरलॉकिंग, सीसी ब्लॉक और नालियों की मरम्मत के प्रस्ताव तैयार करने को कहा गया। बाल विकास परियोजना कार्यालय, पचैरी सदन, वासुदेव के पास और सुभाषगंज क्षेत्र में नालियों एवं कंजरवेंसी की सफाई कराने के निर्देश दिए गए।
राधारानी कलेक्शन के पास ड्रेन कवर का कार्य गुणवत्ताहीन मिलने पर नगर आयुक्त ने नाराजगी जताते हुए अभियंताओं को प्रतिदिन कार्यों का निरीक्षण कर गुणवत्ता सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। निरीक्षण के दौरान नगर निगम के अधिकारी एवं क्षेत्रीय पार्षद मौजूद रहे।
