झांसी। जनपद के मऊरानीपुर थाना क्षेत्र में बस में यात्रा कर रहे यात्री के दो बैग चोरी करने के मामले में पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। पुलिस ने घटना में शामिल एक आरोपी को महाराष्ट्र से गिरफ्तार कर लिया है।
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक विकास कुमार ने यहां पुलिस लाइन सभागार में पत्रकारों को इस संबंध में जानकारी देते हुए बताया कि 28 अक्टूबर को हुई इस घटना में आरोपी ने अपने साथियों के साथ मिलकर बस में सफर कर रहे यात्री के दो बैग चोरी कर लिए थे। बैग में सोने के आभूषण और नकदी रखी हुई थी। वारदात के बाद आरोपी अपने साथियों के साथ स्कॉर्पियो वाहन से फरार हो गए थे।
महाराष्ट्र से गिरफ्तार आरोपी के कब्जे से 1.40 लाख रुपये नकद, दो मोबाइल फोन और अन्य दस्तावेज बरामद किए गए हैं। वहीं, चोरी की रकम में से अलग-अलग बैंक खातों में स्थानांतरित किए गए 17 लाख छह हजार रुपये फ्रीज करा दिए गए हैं।
घटना के खुलासे के लिए वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक ने आठ पुलिस टीमों का गठन किया था। पुलिस टीमों ने घटनास्थल और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगालने के साथ ही अन्य साक्ष्य जुटाए। इसके आधार पर एक आरोपी को महाराष्ट्र से गिरफ्तार कर लिया गया।
वैभव सिंह
बुंदेलखंड कनेक्शन
