अपडेट
झांसी। माफिया अतीक अहमद के सबसे छोटे बेटे अबान अहमद की गुरुवार सुबह झांसी में हुए भीषण सड़क हादसे में मौत हो गई। हादसे में उसके साथी सोनू पुत्र रजा की भी मौके पर ही जान चली गई, जबकि तीन अन्य लोग घायल हो गए।

हादसा उस समय हुआ, जब अबान प्रयागराज से झांसी जिला जेल में बंद अपने भाई अली अहमद से मिलने आ रहा था। घटना के बाद मेडिकल कॉलेज से लेकर पुलिस महकमे तक दिनभर हलचल बनी रही।
अबान के बड़े भाई अहजम अहमद शाम को महारानी लक्ष्मीबाई मेडिकल कॉलेज पहुंचे । मीडिया से बातचीत में अहजाम अहमद ने अपील करते हुए कहा, “मेरे भाइयों को मिट्टी में आने दिया जाए।” उनके इस बयान को अंतिम संस्कार की प्रक्रिया के संदर्भ में देखा जा रहा है।
घटना के बाद पूरे दिन पुलिस और प्रशासन सतर्क रहा। मेडिकल कॉलेज, जिला जेल और अन्य संवेदनशील स्थानों पर सुरक्षा व्यवस्था बढ़ा दी गई है।
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक बी.बी.जी.टी.एस. मूर्ति ने बताया कि गुरुवार सुबह करीब 10:30 बजे प्रयागराज से आ रही तेज रफ्तार क्रेटा कार पूंछ थाना क्षेत्र के गांव खिल्ली के पास अनियंत्रित होकर डिवाइडर से टकरा गई। टक्कर इतनी भीषण थी कि वाहन के परखच्चे उड़ गए। हादसे में अबान पुत्र अतीक अहमद और सोनू पुत्र रजा की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि जहद, उमर और अहजाम घायल हो गए।
