अग्निकांड के बाद प्रशासन सख्त

अग्निकांड के बाद प्रशासन सख्त, व्यापारियों को सुरक्षा नियमों का अल्टीमेटम

/
झांसी। शहर के पुराने बाजारों में हाल ही में हुई आग की घटनाओं को देखते हुए जिला प्रशासन, झांसी विकास प्राधिकरण (जेडीए) और अग्निशमन विभाग ने शुक्रवार को कलेक्ट्रेट के नवीन सभागार में व्यापारियों के साथ अग्नि सुरक्षा जागरूकता संवाद कार्यक्रम आयोजित किया। कार्यक्रम में भवन मानकों, फायर सेफ्टी और अतिक्रमण मुक्त बाजारों की आवश्यकता पर विस्तार से चर्चा की गई।
कार्यक्रम की अध्यक्षता करते हुए झांसी विकास प्राधिकरण के उपाध्यक्ष हिमांशु गौतम ने व्यापारियों से कहा कि चाहे भवन व्यापारिक हो या आवासीय, उसका मानचित्र जेडीए से अवश्य स्वीकृत कराएं। उन्होंने भरोसा दिलाया कि नियमानुसार समय पर नक्शा स्वीकृत किया जाएगा। उन्होंने कहा कि थोड़ी सी बचत के लालच में सुरक्षा मानकों की अनदेखी भविष्य में बड़े नुकसान का कारण बन सकती है।
उन्होंने हाल ही में शहर के भीड़भाड़ वाले बाजार में हुई अग्निकांड की घटना का उल्लेख करते हुए कहा कि पुराने बाजारों में विशेष सतर्कता बरतने की आवश्यकता है। व्यापारियों से अपील की गई कि वे अपनी दुकानों का सामान सड़क पर न रखें और बाजारों को अतिक्रमण मुक्त बनाने में सहयोग करें, जिससे आपात स्थिति में राहत एवं बचाव कार्य आसानी से हो सके।
मुख्य अग्निशमन अधिकारी आर.के. राय ने व्यापारियों को आग से बचाव के उपाय, आपातकालीन स्थिति में अपनाई जाने वाली सावधानियों तथा फायर एक्सटिंग्विशर के सही उपयोग की जानकारी दी। उन्होंने मौके पर ही फायर एक्सटिंग्विशर चलाने का व्यावहारिक प्रशिक्षण भी दिया।
उन्होंने व्यापारियों को अपने प्रतिष्ठानों और घरों में समय-समय पर विद्युत लोड की जांच कराने की सलाह दी, ताकि शॉर्ट सर्किट जैसी घटनाओं से बचाव हो सके। उन्होंने कहा कि प्रत्येक व्यापारिक प्रतिष्ठान में अग्निशमन उपकरणों की नियमित जांच और रखरखाव आवश्यक है तथा विभाग सुरक्षा मानकों के पालन में हरसंभव सहयोग करेगा।
वैभव सिंह
बुंदेलखंड कनेक्शन

Leave a Reply

Your email address will not be published.

Previous Story

अलग बुंदेलखंड राज्य की मांग पर बुंनिमो ने फूंका सांसदों-विधायकों का सामूहिक पुतला 

Next Story

कच्छा-बनियान गैंग पर पुलिस का शिकंजा, मुठभेड़ में बदमाश गिरफ्तार

Latest from Jhansi

error: Content is protected !!