मुठभेड़ में बदमाश गिरफ्तार

कच्छा-बनियान गैंग पर पुलिस का शिकंजा, मुठभेड़ में बदमाश गिरफ्तार

//
झांसी। महानगर में  सनफ्रान अशोक सिटी कॉलोनी में चोरी की नीयत से घुसकर सुरक्षा गार्ड पर फायरिंग करने वाले कच्छा-बनियान गैंग के एक शातिर बदमाश को नवाबाद थाना पुलिस ने मुठभेड़ के दौरान गिरफ्तार कर लिया।
पुलिस के अनुसार मुठभेड़ में आरोपी के दाहिने पैर में गोली लगी, जिसके बाद उसे उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया। आरोपी के कब्जे से अवैध तमंचा, कारतूस, चोरी में इस्तेमाल होने वाले औजार, नकदी और वारदात में प्रयुक्त मोटरसाइकिल बरामद हुई है।
पुलिस के मुताबिक 05/06 जुलाई 2026 की रात सनफ्रान अशोक सिटी कॉलोनी में कुछ अज्ञात बदमाश चोरी की नीयत से कॉलोनी के भीतर घुस आए थे। कॉलोनी के सुरक्षा गार्डों ने जब उन्हें रोकने का प्रयास किया तो बदमाशों ने जान से मारने की नीयत से फायरिंग कर दी और मौके से फरार हो गए। घटना के बाद कॉलोनी के आरडब्ल्यूए अध्यक्ष की तहरीर पर थाना नवाबाद में संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज किया गया।
घटना को गंभीरता से लेते हुए वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक झांसी ने बदमाशों की गिरफ्तारी और मामले के खुलासे के लिए पुलिस की दो विशेष टीमों का गठन किया। दोनों टीमें लगातार बदमाशों की तलाश में जुटी थीं और तकनीकी व मुखबिर तंत्र की मदद से आरोपियों तक पहुंचने का प्रयास कर रही थीं।

पुलिस के अनुसार 10 जुलाई 2026 को मुखबिर से सूचना मिली कि घटना में शामिल बदमाश जेडीए कॉलोनी से मस्तूरा जाने वाले पहाड़ी क्षेत्र में मौजूद है। सूचना पर पुलिस टीम ने घेराबंदी की। इस दौरान आरोपी ने पुलिस पर फायरिंग कर दी। जवाबी कार्रवाई में हुई मुठभेड़ के दौरान आरोपी अरमान उर्फ बाला उर्फ राजू (25) निवासी पाल कॉलोनी, जोगी, थाना सीपरी बाजार के दाहिने पैर में गोली लगी और उसे गिरफ्तार कर लिया गया। घायल आरोपी को उपचार के लिए अस्पताल भेजा गया।

गिरफ्तार आरोपी के कब्जे से .315 बोर का एक देशी तमंचा, एक मिस कारतूस, एक खोखा कारतूस, एक पिट्ठू बैग, जिसमें हथौड़ा, सरिया, कटर, पेचकस, चाकू और टायर खोलने वाली रॉड, 700 रुपये नकद तथा वारदात में प्रयुक्त मोटरसाइकिल बरामद की गई है। पुलिस का कहना है कि इन औजारों का इस्तेमाल चोरी की घटनाओं को अंजाम देने में किया जाता था।
पुलिस का कहना है कि गिरफ्तार आरोपी कच्छा-बनियान गैंग का सक्रिय सदस्य है। उससे पूछताछ के आधार पर उसके फरार साथियों की पहचान की जा रही है। पुलिस की टीमें लगातार संभावित ठिकानों पर दबिश दे रही हैं और जल्द ही पूरे गिरोह को गिरफ्तार करने का दावा कर रही हैं।

क्षेत्राधिकारी नगर रामवीर सिंह ने बताया कि अशोक सिटी कॉलोनी में चोरी के प्रयास और सुरक्षा गार्ड पर फायरिंग की घटना के खुलासे के लिए गठित टीमों ने प्रभावी कार्रवाई करते हुए मुख्य आरोपी को पुलिस मुठभेड़ में गिरफ्तार किया है। आरोपी के कब्जे से अवैध हथियार, चोरी के औजार और घटना में प्रयुक्त मोटरसाइकिल बरामद हुई है। उन्होंने बताया कि गैंग के अन्य सदस्यों की गिरफ्तारी के लिए पुलिस की कार्रवाई लगातार जारी है।

वैभव सिंह
बुंदेलखंड कनेक्शन

Leave a Reply

Your email address will not be published.

Previous Story

अग्निकांड के बाद प्रशासन सख्त, व्यापारियों को सुरक्षा नियमों का अल्टीमेटम

Latest from Jhansi

error: Content is protected !!