कांग्रेस का भाजपा पर तीखा हमला

कांग्रेस का भाजपा पर तीखा हमला, राम मंदिर से कानून व्यवस्था तक उठाए सवाल

झांसी। कांग्रेस के प्रदेश प्रभारी राजेंद्र पाल गौतम ने शनिवार को झांसी में भाजपा सरकार पर तीखा हमला बोला। उन्होंने राम मंदिर चढ़ावा प्रकरण, कानून व्यवस्था, किसानों की समस्याओं, महंगाई, बिजली दरों और बुलडोजर कार्रवाई सहित कई मुद्दों को उठाते हुए सरकार पर संविधान और कानून की भावना के विपरीत काम करने का आरोप लगाया।

यहां स्थानीय विवाह घर में आयोजित कार्यक्रम में  पूर्व केंद्रीय मंत्री प्रदीप जैन आदित्य, कांग्रेस जिलाध्यक्ष देशराज रिछारिया, नगर अध्यक्ष मनोज गुप्ता समेत पार्टी पदाधिकारियों से मुलाकात के बाद पत्रकारों से बातचीत करते हुए श्री गौतम ने कहा कि राम मंदिर चढ़ावा प्रकरण में केवल छोटे कर्मचारियों पर कार्रवाई की जा रही है, जबकि पूरे प्रबंधन की जिम्मेदारी तय नहीं की जा रही। मामले की जांच सुप्रीम कोर्ट के सिटिंग जज की निगरानी में कराई जानी चाहिए, क्योंकि मौजूदा एसआईटी की निष्पक्षता पर सवाल उठ रहे हैं।

उन्होंने आरोप लगाया कि भाजपा और आरएसएस ने भगवान राम के नाम पर राजनीति की और अब राम मंदिर से जुड़े आर्थिक अनियमितताओं के आरोपों पर जवाब देने से बच रहे हैं। मंदिर की सुरक्षा व्यवस्था में निजी सुरक्षा गार्डों की तैनाती पर भी उन्होंने सवाल खड़े किए और पूरे मामले में पारदर्शी जांच की मांग दोहराई।

प्रदेश प्रभारी ने कहा कि उत्तर प्रदेश में कानून व्यवस्था की स्थिति चिंताजनक है। एनकाउंटर, बुलडोजर कार्रवाई और प्रशासनिक फैसलों को लेकर उन्होंने सरकार की कार्यशैली पर सवाल उठाए। उन्होंने आरोप लगाया कि किसानों को खाद उपलब्ध नहीं हो रही, उनकी जमीनें कम कीमत पर खरीदी जा रही हैं, जबकि बिजली, पानी और हाउस टैक्स का बोझ लगातार बढ़ाया जा रहा है।

उन्होंने कहा कि कांग्रेस जनता के मुद्दों को संसद से लेकर सड़क तक लगातार उठा रही है। नीट परीक्षा, पेपर लीक और शिक्षा व्यवस्था का उल्लेख करते हुए उन्होंने कहा कि कांग्रेस ने इन मुद्दों पर लगातार आंदोलन किया है, जबकि सरकार जवाबदेही से बच रही है।

मध्य प्रदेश के दतिया में भाजपा कार्यकर्ताओं के प्रदर्शन का जिक्र करते हुए उन्होंने आरोप लगाया कि भाजपा समर्थकों के खिलाफ कार्रवाई नहीं की जाती, जबकि अन्य मामलों में कानून का अलग-अलग तरीके से इस्तेमाल किया जाता है।

आगामी उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव के संबंध में उन्होंने कहा कि इंडिया गठबंधन पहले से मौजूद है और संविधान तथा लोकतांत्रिक मूल्यों में विश्वास रखने वाले सभी दलों का उसमें स्वागत है।

इस अवसर पर पूर्व केंद्रीय मंत्री प्रदीप जैन आदित्य, पूर्व प्रदेश अध्यक्ष बृजलाल खाबरी, राष्ट्रीय सचिव नीलांशु चतुर्वेदी, महिला कांग्रेस (बुंदेलखंड) की प्रदेश अध्यक्ष करिश्मा ठाकुर, पूर्व विधायक बृजेंद्र व्यास, पूर्व राष्ट्रीय सचिव डॉ. सुधांशु त्रिपाठी, जिलाध्यक्ष देशराज रिछारिया सहित कांग्रेस के कई पदाधिकारी और कार्यकर्ता उपस्थित रहे।

वैभव सिंह

बुंदेलखंड कनेक्शन

Leave a Reply

Your email address will not be published.

Previous Story

कच्छा-बनियान गैंग पर पुलिस का शिकंजा, मुठभेड़ में बदमाश गिरफ्तार

Next Story

हल्की बारिश में ही खुल गयी टहरौली के विकास की पोल

Latest from बुंदेलखंड

error: Content is protected !!