झांसी। जिले में लगातार हो रही बारिश के बीच नदी-नालों का जलस्तर बढ़ने से ग्रामीण इलाकों में बाढ़ का खतरा बढ़ गया है। लहचूरा थाना क्षेत्र के ग्राम धायपुरा में कुडार नदी के अचानक उफान पर आने से खेत और मवेशियों की रखवाली करने गए छह किसान बाढ़ के पानी में फंस गए।

सूचना मिलते ही पुलिस और तहसील प्रशासन मौके पर पहुंचा। स्थिति गंभीर देखते हुए सेना की मदद ली गई, जिसके बाद रेस्क्यू ऑपरेशन चलाकर सभी छह किसानों को सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया।
कुडार नदी का जलस्तर बढ़ने से मची अफरा-तफरी
सूत्रों के अनुसार धायपुरा गांव के छह किसान खेतों और मवेशियों की देखभाल के लिए नदी के आसपास के क्षेत्र में गए थे। इसी दौरान लगातार बारिश के कारण कुडार नदी का जलस्तर तेजी से बढ़ने लगा। पानी का बहाव अचानक तेज हो जाने से किसान बाढ़ के बीच फंस गए। चारों ओर पानी होने के कारण उनके लिए सुरक्षित स्थान तक पहुंचना मुश्किल हो गया।

पुलिस और तहसील प्रशासन ने संभाला मोर्चा
किसानों के बाढ़ में फंसे होने की सूचना मिलते ही लहचूरा थाना पुलिस और तहसील प्रशासन की टीम मौके पर पहुंची। प्रशासन ने तत्काल किसानों को सुरक्षित निकालने की कवायद शुरू की। नदी में तेज बहाव और बढ़ते जलस्तर को देखते हुए स्थिति को गंभीर मानते हुए सेना की सहायता ली गई।
सेना ने सभी किसानों को सकुशल निकाला
सेना और रेस्क्यू टीम ने संयुक्त प्रयास करते हुए बाढ़ में फंसे सभी छह किसानों को सुरक्षित बाहर निकाल लिया। सभी किसानों के सकुशल रेस्क्यू होने के बाद उनके परिजनों और प्रशासन ने राहत की सांस ली। फिलहाल सभी किसान सुरक्षित बताए जा रहे हैं।
