झांसी। रेलवे सुरक्षा बल (आरपीएफ) ने ट्रेनों और रेलवे परिसर के माध्यम से मादक पदार्थों की तस्करी रोकने के लिए चलाए जा रहे ऑपरेशन नार्कोस के तहत बड़ी कार्रवाई की है। वर्ष 2026 में 15 अक्टूबर तक उत्तर मध्य रेलवे के तीनों मंडलों में 45 मामले दर्ज कर 3 करोड़ 44 लाख 63 हजार 415 रुपये मूल्य के मादक पदार्थ बरामद किए गए। इनमें गांजा सहित अन्य मादक पदार्थ शामिल हैं।
मंडलवार आंकड़ों के अनुसार, झांसी मंडल में 13 मामलों में 79 लाख 70 हजार 300 रुपये मूल्य के मादक पदार्थ बरामद किए गए। प्रयागराज मंडल में 21 मामलों में 1 करोड़ 89 लाख 46 हजार 665 रुपये और आगरा मंडल में 11 मामलों में 75 लाख 46 हजार 450 रुपये के मादक पदार्थ बरामद हुए।
उत्तर मध्य रेलवे के महाप्रबंधक नरेश पाल सिंह के मार्गदर्शन में मादक पदार्थों की अवैध तस्करी पर अंकुश लगाने के लिए राजकीय रेलवे पुलिस (जीआरपी ) के साथ समन्वय बनाकर कार्रवाई की जा रही है। आरपीएफ के महानिरीक्षक प्रदीप कुमार गुप्ता भी रेल नेटवर्क में अवैध गतिविधियों पर प्रभावी नियंत्रण के लिए सक्रिय कार्रवाई पर जोर दे रहे हैं।
रेलवे सुरक्षा बल का कहना है कि ट्रेनों और रेलवे परिसरों में निगरानी बढ़ाकर मादक पदार्थों की तस्करी रोकने के प्रयास जारी रहेंगे।
