झांसी। महानगर के कोतवाली थाना क्षेत्र में महिला की संदिग्ध मौत के मामले का पुलिस ने खुलासा करते हुए उसके साथ रह रहे लालाराम आदिवासी को गिरफ्तार किया है।पुलिस ने इस मामले का खुलासा 12 घंटे में कर दिया ।
पुलिस के मुताबिक, प्याज काटने को लेकर हुए विवाद में आरोपी ने महिला के सिर पर हंसिया से वार किया और फिर उसे धक्का दे दिया। महिला छत से नीचे गिर गई, जिससे उसकी मौत हो गई। पुलिस ने आरोपी की निशानदेही पर घटना में प्रयुक्त हंसिया भी बरामद किया है।
पुलिस अधीक्षक नगर प्रीति सिंह ने झांसी पुलिस लाइन में पत्रकारों को इसकी जानकारी देते हुए बताया कि 15 अक्टूबर को महिला की छत से गिरने के कारण मौत की सूचना मिली थी। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा और घटनास्थल से साक्ष्य जुटाए। इसके बाद 16 अक्टूबर को मृतका की मां गीताबाई कहार ने कोतवाली थाने में तहरीर दी। इसमें लालाराम पर बेटी की हत्या करने का आरोप लगाया गया। तहरीर के आधार पर पुलिस ने हत्या का मुकदमा दर्ज किया।
पुलिस के मुताबिक, मृतका दीपमाला के पहले पति सुरेश कहार की जनवरी 2026 में मृत्यु हो गई थी। इसके बाद वह सुरेश के साथ काम करने वाले लालाराम के साथ रहने लगी थी। दोनों कोतवाली क्षेत्र में मजदूरी करते थे। पूछताछ में आरोपी ने बताया कि 14 अक्टूबर की शाम प्याज काटने के दौरान दोनों के बीच विवाद हुआ। इसी दौरान गुस्से में उसने हंसिया से दीपमाला के सिर पर वार कर दिया। इसके बाद उसे धक्का दे दिया, जिससे वह छत से नीचे गिर गई।
पुलिस के अनुसार, घटना के बाद आरोपी ने हंसिया झाड़ियों में छिपा दिया था। उसने महिला की मौत छत से गिरने के कारण होने की बात बताई थी। पुलिस ने जांच, पूछताछ और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज के अवलोकन के बाद आरोपी को 17 अक्टूबर को गिरफ्तार कर लिया। उसकी निशानदेही पर हंसिया बरामद किया गया। मामले में आर्म्स एक्ट की धारा 4/25 भी बढ़ाई गई है।
