झांसी। श्री पंचमुखी महादेव मंदिर गुसाईं पुरा की अवैध मार्केट के मामले में सोमवार को फिर सुनवाई हुई। मंदिर कमेटी के मुख्य अधिवक्ता पंडित अमर सिद्ध, अधिवक्ता वैभव बट्टा और कमेटी के अन्य सदस्य निर्धारित तारीख पर जेडीए कार्यालय पहुंचे, लेकिन सुनवाई टल गई। अब मामले में अगली सुनवाई के लिए 11 सितंबर 2026 की तारीख दी गई है।
सुनवाई के दौरान अधिवक्ता पंडित अमर सिद्ध ने कड़ा विरोध जताते हुए आरोप लगाया कि 2009 में दिए गए आदेश का अब तक पालन नहीं हुआ है। उन्होंने शिकायती पत्र के माध्यम से अवैध मार्केट को तत्काल ध्वस्त किए जाने की मांग की।
अधिवक्ता वैभव बट्टा ने बताया कि उक्त मार्केट पूर्व में तीन से चार बार सील की जा चुकी है। उनके अनुसार जेडीए की फाइलों में भी वर्ष 2019 से मार्केट सील दर्ज है, इसके बावजूद मौके पर दुकानें खुली मिलीं। उन्होंने सवाल उठाया कि जब मार्केट रिकॉर्ड में सील है तो दुकानदारों के खिलाफ कार्रवाई क्यों नहीं की जा रही है।
शिकायत के आधार पर मार्केट को 11 अगस्त 2026 को दोबारा सील किया गया था और उस समय अगली सुनवाई के लिए 24 अगस्त की तारीख निर्धारित की गई थी। हालांकि निर्धारित तारीख पर सुनवाई नहीं हो सकी और अब 11 सितंबर की तारीख दी गई है।
मंदिर कमेटी का आरोप है कि मंदिर परिसर की जमीन पर और मंदिर के नीचे भी अवैध रूप से दुकानें बनाई गई हैं। पंडित अमर सिद्ध ने आरोप लगाया कि प्रशासन की ओर से मामले में लगातार तारीख दी जा रही है, लेकिन ठोस कार्रवाई नहीं की जा रही।
इस दौरान पंडित अमर सिद्ध के साथ अधिवक्ता वैभव बट्टा, जीतू शिवहरे, दीपक बट्टा, विष्णु साहनी, संजय साहनी, शिव बट्टा, सनी बट्टा, रमेश टकसारी सहित मंदिर कमेटी के अन्य सदस्य मौजूद रहे।
