झांसी। महनगर में प्रेमनगर थाना क्षेत्र में एक ट्रक चालक की सूझबूझ उसे तो नहीं बचा सकी, लेकिन एक महिला की जान बच गई। महिला को बचाने के प्रयास में अनियंत्रित हुआ ट्रक सड़क किनारे पेड़ और फिर बिजली के खंभे से जा टकराया।

शुक्रवार देर रात हुए हादसे में चालक करीब एक घंटे तक ट्रक के केबिन में फंसा रहा। पुलिस ने ट्रैक्टर की मदद से उसे बाहर निकालकर जिला अस्पताल में भर्ती कराया, जहां उसका उपचार चल रहा है।
पुलिस के अनुसार, घायल चालक पवन निवासी धौलपुर (राजस्थान) ट्रक से आगरा से रेलवे कोच नवीनीकरण फैक्ट्री (आरसीएफ) में माल लेकर आया था। शुक्रवार रात माल उतारने के बाद नो-एंट्री समाप्त होने पर वह हेल्पर के साथ आगरा लौट रहा था।
रास्ते में केंद्रीय विद्यालय नंबर-3 से सीपरी बाजार जाने वाले मार्ग पर जीआरपी रिजर्व लाइन के पास अचानक एक स्कूटी सवार महिला ट्रक के सामने आ गई। उसे बचाने के प्रयास में चालक ने ट्रक मोड़ दिया, जिससे वाहन नियंत्रण खो बैठा और पहले पेड़ तथा फिर बिजली के खंभे से जा टकराया।
टक्कर इतनी तेज थी कि चालक स्टेयरिंग और सीट के बीच बुरी तरह फंस गया। उसका बायां पैर केबिन में दब गया, जिससे पैर में कई जगह फ्रैक्चर हो गए। सूचना पर प्रेमनगर थाना पुलिस और 108 एंबुलेंस मौके पर पहुंची। काफी देर तक चालक को निकालने की कोशिश की गई, लेकिन सफलता नहीं मिली।
इसके बाद पुलिस ने ट्रैक्टर मंगवाकर ट्रक के अगले हिस्से को खिंचवाया, जिससे केबिन में जगह बनी और करीब एक घंटे की मशक्कत के बाद चालक को सुरक्षित बाहर निकाला गया। गंभीर हालत में उसे जिला अस्पताल भेजा गया। पुलिस हादसे के कारणों की जांच कर रही है।
