झांसी। नवाबाद थाना क्षेत्र के मेड किचिन रेस्टोरेंट में खाना खाते समय गोली मारकर की गई संजय सिंह की हत्या का पुलिस ने खुलासा कर दिया है। नवाबाद थाना पुलिस और स्वाट-सर्विलांस टीम की संयुक्त कार्रवाई में हत्या के मामले में वांछित दो आरोपियों को पुलिस मुठभेड़ के बाद गिरफ्तार किया गया।

मुठभेड़ के दौरान एक आरोपी के पैर में गोली लगी, जिसे उपचार के लिए मेडिकल कॉलेज भेजा गया। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से दो देशी तमंचे, चार कारतूस और हत्या में प्रयुक्त कार बरामद की है।पुलिस के अनुसार, गिरफ्तार आरोपियों की पहचान अजीम सैफी उर्फ जीम निवासी सिद्धेश्वर नगर, आईटीआई कॉलोनी और धर्मेंद्र सिंह परिहार निवासी परवई, थाना रक्सा के रूप में हुई है।
पुलिस को सूचना मिली थी कि दोनों आरोपी करगुवांजी सालासर सिटी से नई पुलिस लाइन की ओर जाने वाले कच्चे रास्ते पर स्थित हनुमानसुर बाबा मंदिर के पास मौजूद हैं। सूचना पर पुलिस और स्वाट-सर्विलांस टीम ने घेराबंदी की। पुलिस के मुताबिक, आरोपियों ने टीम पर फायरिंग की, जिसके बाद हुई जवाबी कार्रवाई में अजीम सैफी उर्फ जीम के पैर में गोली लगी। दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया गया।
प्रॉपर्टी विवाद और रंजिश में रची गई हत्या की साजिश
पूछताछ में पुलिस के अनुसार सामने आया कि मृतक संजय सिंह प्रॉपर्टी की खरीद-फरोख्त का काम करता था। इसी कारोबार से जुड़े अजय यादव और धर्मेंद्र सिंह परिहार का भी प्रॉपर्टी डीलिंग का काम था। पाल कॉलोनी स्थित एक जमीन को लेकर संजय सिंह और अजय यादव के बीच लंबे समय से विवाद चल रहा था। इसी विवाद के चलते संजय सिंह ने अजय यादव के खिलाफ दुष्कर्म का मुकदमा दर्ज कराने का प्रयास भी किया था।
पुलिस के मुताबिक, धर्मेंद्र सिंह परिहार के स्वामित्व वाले शिवानी होटल के पीछे स्थित एक प्लॉट को लेकर भी संजय सिंह और धर्मेंद्र के बीच विवाद था। आरोप है कि संजय सिंह ने धर्मेंद्र को कमरे में बंद कर उसके साथ मारपीट की थी और प्लॉट पर कब्जा कर लिया था। इन विवादों और पुरानी रंजिश के चलते अजय यादव और धर्मेंद्र सिंह परिहार ने मिलकर संजय सिंह की हत्या की साजिश रची।
शूटरों को दी गई थी 50 हजार रुपये की अग्रिम रकम
पुलिस के अनुसार, हत्या की साजिश को अंजाम देने के लिए जितेंद्र यादव उर्फ जीतू, हुसैन उर्फ खड्ड और अजीम उर्फ शफी उर्फ जीम को सुपारी दी गई थी। इसके लिए 50 हजार रुपये अग्रिम दिए गए थे, जबकि शेष रकम हत्या के बाद देने की बात तय हुई थी। पुलिस के मुताबिक, अजय यादव का रिश्तेदार होने के कारण जितेंद्र यादव भी इस साजिश में शामिल हो गया।
रेस्टोरेंट में खाना खाते समय मारी थी गोली
पुलिस के अनुसार, 23 जुलाई की रात करीब 9:30 बजे अजय यादव और धर्मेंद्र सिंह परिहार की सूचना पर जितेंद्र यादव उर्फ जीतू, हुसैन उर्फ खड्ड और अजीम उर्फ जीम मेड किचिन रेस्टोरेंट, खिलौना टॉकीज, एलाइट चौराहा के पास पहुंचे थे। संजय सिंह जब रेस्टोरेंट में खाना खा रहे थे, तभी हुसैन उर्फ खड्ड ने उनके सिर पर पिस्टल सटाकर गोली मार दी। गोली लगने से संजय सिंह गंभीर रूप से घायल हो गए। उपचार के लिए मेडिकल कॉलेज ले जाने पर उनकी मौत हो गई थी।
मामले में पुलिस ने हत्या का मुकदमा दर्ज कर आरोपियों की तलाश शुरू की थी। अब पुलिस ने अजीम सैफी उर्फ जीम और धर्मेंद्र सिंह परिहार को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस के अनुसार, मामले में शामिल अन्य आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए दबिश दी जा रही है और उन्हें भी जल्द गिरफ्तार किया जाएगा।
