झांसी। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी जन्मदिन पर नगर विधायक रवि शर्मा ने जिला चिकित्सालय पुरुष एवं जिला महिला चिकित्सालय पहुंचकर मरीजों का हालचाल जाना और उन्हें फल वितरित किए। उन्होंने मरीजों और उनके परिजनों से बातचीत कर दवाइयों, जांच, उपचार, भोजन सहित अस्पताल में उपलब्ध सुविधाओं की जानकारी ली।
विधायक ने चिकित्सकों और स्वास्थ्यकर्मियों से मरीजों को बेहतर चिकित्सा सुविधाएं उपलब्ध कराने पर जोर दिया। इसके बाद उन्होंने प्रधानमंत्री के जन्मदिन को सेवा और समर्पण के रूप में मनाते हुए स्वयं रक्तदान किया। उन्होंने कहा कि रक्तदान महादान है और जरूरतमंद मरीज के जीवन को बचाने में इसकी महत्वपूर्ण भूमिका है।
रवि शर्मा ने स्वस्थ नागरिकों से नियमित रूप से रक्तदान करने और दूसरों को भी इसके लिए प्रेरित करने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि सेवा कार्य किसी एक दिन तक सीमित नहीं होना चाहिए, बल्कि जरूरतमंदों की सहायता के लिए समाज के प्रत्येक व्यक्ति को अपनी क्षमता के अनुसार आगे आना चाहिए।
वैभव सिंह
बुंदेलखंड कनेक्शन
