झांसी। झांसी विकास प्राधिकरण (जेडीए) ने रक्सा क्षेत्र के पुनावली रोड पर बिना मानचित्र स्वीकृति विकसित की जा रही करीब 20 एकड़ की अवैध कॉलोनी के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए ध्वस्तीकरण अभियान चलाया।
प्राधिकरण की प्रवर्तन टीम ने पुलिस बल की मौजूदगी में अवैध निर्माण ध्वस्त कराते हुए नियमों के उल्लंघन पर सख्त संदेश दिया।प्राधिकरण के अनुसार पुनावली रोड स्थित लगभग 20 एकड़ भूमि पर प्रेमलता पत्नी मदन मोहन मिश्रा, नीतू महाराज, छाया कुशवाहा पत्नी कालीचरण कुशवाहा, मिंटू पंडित सहित अन्य लोगों द्वारा बिना ले-आउट एवं मानचित्र स्वीकृत कराए अवैध कॉलोनी विकसित की जा रही थी। मामले में पूर्व में नियमानुसार ध्वस्तीकरण आदेश पारित किए गए थे, जिनका अनुपालन कराते हुए यह कार्रवाई की गई।

यह अभियान प्राधिकरण के उच्चाधिकारियों के निर्देश पर अधिशाषी अभियंता की अध्यक्षता में चलाया गया। कार्रवाई के दौरान उपजिलाधिकारी (सदर), सहायक अभियंता, अवर अभियंता, झांसी विकास प्राधिकरण की प्रवर्तन टीम तथा थाना रक्सा पुलिस बल मौके पर मौजूद रहा।
प्राधिकरण ने स्पष्ट किया कि बिना स्वीकृति किए जाने वाले अवैध निर्माण और कॉलोनी विकास के विरुद्ध आगे भी सख्त कार्रवाई जारी रहेगी।
