झांसी। नवाबाद थाना पुलिस और स्वाट/सर्विलांस टीम ने संयुक्त कार्रवाई करते हुए संजय सिंह हत्याकांड के 25 हजार के इनामी मुख्य शूटर हुसैन उर्फ खड्डा को पुलिस मुठभेड़ के दौरान गिरफ्तार कर लिया।

मुठभेड़ में आरोपी के पैर में गोली लगी, जबकि उसका साथी जितेंद्र उर्फ जीतू यादव मौके से फरार हो गया। आरोपी के कब्जे से हत्या में प्रयुक्त अवैध पिस्टल, कारतूस और घटना में इस्तेमाल की गई मोटरसाइकिल बरामद की गई।
पुलिस के अनुसार, 23 जुलाई 2026 की रात खिलौना टॉकीज स्थित मेड किचन रेस्टोरेंट में भोजन कर रहे संजय सिंह की सिर में गोली मारकर हत्या कर दी गई थी। उपचार के दौरान मेडिकल कॉलेज में उनकी मौत हो गई थी। इस मामले में नवाबाद थाने में मुकदमा दर्ज कर विवेचना की जा रही थी।
मुखबिर की सूचना पर घेराबंदी, पुलिस पर की फायरिंग
गुरुवार को मुखबिर की सूचना पर नई जेडीए कॉलोनी, मस्तूरा रोड के पास पुलिस ने घेराबंदी की। इस दौरान बदमाशों ने पुलिस टीम पर फायरिंग कर दी। जवाबी कार्रवाई में इनामी बदमाश हुसैन उर्फ खड्डा घायल होकर गिरफ्तार हो गया, जबकि उसका साथी फरार होने में सफल रहा। पुलिस ने आरोपी के पास से .32 बोर की अवैध पिस्टल, दो जिंदा कारतूस, दो खोखा कारतूस और बाइक बरामद की।
सुपारी देकर कराई गई थी हत्या
पूछताछ में आरोपी ने पुलिस को बताया कि मृतक संजय सिंह का प्रॉपर्टी कारोबार को लेकर अजय यादव और धर्मेंद्र सिंह परिहार से लंबे समय से विवाद चल रहा था। इसी रंजिश में दोनों ने संजय सिंह की हत्या की साजिश रची और जितेंद्र उर्फ जीतू यादव, हुसैन उर्फ खड्डा तथा अजीम उर्फ शफी को सुपारी दी। आरोपियों को ₹50 हजार एडवांस दिए गए थे, जबकि बाकी रकम हत्या के बाद देने की बात तय हुई थी। इसके बाद 23 जुलाई की रात रेस्टोरेंट में रैकी कर हुसैन ने संजय सिंह के सिर में नजदीक से गोली मार दी।
तीन आरोपी गिरफ्तार, अन्य की तलाश जारी
पुलिस ने बताया कि इस हत्याकांड में अब तक तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया जा चुका है। फरार आरोपियों की तलाश में लगातार दबिश दी जा रही है। गिरफ्तार आरोपी हुसैन के खिलाफ लूट, चोरी, आर्म्स एक्ट सहित कई आपराधिक मुकदमे पहले से दर्ज हैं।
