झांसी। महानगर के सीपरी बाजार के आजादगंज क्षेत्र में फुटकर सब्जी विक्रेताओं को हटाए जाने के मुद्दे पर पूर्व केंद्रीय मंत्री और कांग्रेस के वरिष्ठ नेता प्रदीप जैन आदित्य ने विक्रेताओं से संवाद कर उनकी समस्याएं सुनीं।
नगर निगम द्वारा मॉल निर्माण के लिए 120 से अधिक सब्जी विक्रेताओं को हटाने की कार्रवाई से उनके रोजगार पर संकट गहरा गया है।श्री जैन ने नगर निगम अधिकारियों से वार्ता कर कहा कि जब तक सब्जी विक्रेताओं के लिए स्थायी वैकल्पिक स्थान की व्यवस्था नहीं हो जाती और उनके रोजगार पर असर पड़ने की स्थिति बनी रहती है, तब तक उन्हें वर्तमान स्थान से नहीं हटाया जाए।
उन्होंने सुझाव दिया कि मॉल निर्माण पूरा होने के बाद चिन्हित स्थानों पर व्यवस्थित तरीके से दुकानों का आवंटन किया जाए। पूर्व केंद्रीय मंत्री ने चेतावनी दी कि यदि सब्जी विक्रेताओं के साथ न्याय नहीं हुआ और उनके रोजगार की सुरक्षा सुनिश्चित नहीं की गई तो कांग्रेस इस मुद्दे पर बड़ा आंदोलन करेगी।
इस दौरान सब्जी मंडी अध्यक्ष ताहिर हुसैन, खेमचंद कुशवाहा, शहजाद राईन, जाकिर हुसैन, अख्तर राईन, नूलू खटीक, कार्तिक कुशवाहा, नीरज खटीक, पार्वती कुशवाह, सावित्री कुशवाह, उर्मिला, विनीता, पिस्ता, जमाना, अर्जुन कुशवाह, इमरान, नब्बा, अनिल सहित बड़ी संख्या में सब्जी विक्रेता उपस्थित रहे।
वैभव सिंह
बुंदेलखंड कनेक्शन
