झांसी। उत्तर मध्य रेलवे के झांसी मंडल द्वारा बिना टिकट और अनियमित यात्रा पर रोक लगाने के लिए मंगलवार को वीरांगना लक्ष्मीबाई झांसी रेलवे स्टेशन एवं विभिन्न ट्रेनों में सघन टिकट जांच अभियान चलाया गया।
मंडल रेल प्रबंधक अनिरुद्ध कुमार के मार्गदर्शन तथा वरिष्ठ मंडल वाणिज्य प्रबंधक अमन वर्मा के निर्देशन में चले इस अभियान के दौरान बिना टिकट, अनियमित टिकट पर यात्रा करने और रेल परिसर में गंदगी फैलाने वाले यात्रियों के विरुद्ध कार्रवाई की गई।
अभियान के दौरान कुल 47 यात्रियों के खिलाफ कार्रवाई करते हुए 48,450 रुपये का रेल राजस्व वसूला गया। रेलवे अधिकारियों ने बताया कि इस तरह के अभियान का उद्देश्य यात्रियों को नियमों के प्रति जागरूक करना और रेल राजस्व की सुरक्षा सुनिश्चित करना है।
टिकट जांच अभियान में मुख्य टिकट निरीक्षक जे.के. वर्मा, आर.के. राजन, वैभव अग्रवाल और जितेंद्र सिंह ने महत्वपूर्ण भूमिका निभाई।वरिष्ठ मंडल वाणिज्य प्रबंधक अमन वर्मा ने कहा कि बिना टिकट यात्रा और रेलवे नियमों के उल्लंघन के खिलाफ ऐसे विशेष अभियान आगे भी लगातार जारी रहेंगे।
उन्होंने यात्रियों से अपील की कि वे हमेशा वैध यात्रा टिकट लेकर ही सफर करें, निर्धारित सीमा से अधिक सामान को बुक कराकर ले जाएं तथा रेल परिसर में धूम्रपान और गंदगी फैलाने से बचें, ताकि सभी यात्रियों को सुरक्षित और स्वच्छ यात्रा का वातावरण मिल सके।
वैभव सिंह
बुंदेलखंड कनेक्शन
