झांसी। जनपद झांसी पुलिस की सर्विलांस टीम ने आधुनिक तकनीकी संसाधनों और सीईआईआर पोर्टल की मदद से बड़ी सफलता हासिल करते हुए 203 गुमशुदा एवं खोए हुए मोबाइल फोन बरामद किए हैं। बरामद मोबाइल फोनों की अनुमानित बाजार कीमत करीब 38 लाख रुपये आंकी गई है।
अपर पुलिस महानिदेशक कानपुर जोन अनुपम कुलश्रेष्ठ, पुलिस महानिरीक्षक झांसी परिक्षेत्र आकाश कुलहरि एवं वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक झांसी बीबीजीटीएस मूर्ति के निर्देशन में चलाए गए अभियान के तहत यह कार्रवाई की गई। विभिन्न लोगों द्वारा मोबाइल फोन गुम होने संबंधी शिकायतें एवं प्रार्थना पत्र दिए गए थे, जिनके आधार पर सर्विलांस सेल ने सीईआईआर पोर्टल के माध्यम से मोबाइल फोनों की तलाश शुरू की।
लगातार तकनीकी प्रयासों और निगरानी के बाद सर्विलांस टीम ने कुल 203 मोबाइल फोन बरामद कर लिए। गुरुवार को पुलिस लाइन झांसी में आयोजित एक कार्यक्रम के दौरान वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक बीबीजीटीएस मूर्ति ने बरामद मोबाइल उनके वास्तविक स्वामियों को सौंपे।
अपना खोया हुआ मोबाइल वापस पाकर लोगों के चेहरों पर खुशी लौट आई। मोबाइल प्राप्त करने वाले नागरिकों ने झांसी पुलिस और सर्विलांस टीम के प्रति आभार व्यक्त करते हुए उनके प्रयासों की सराहना की।

पुलिस अधिकारियों ने बताया कि भविष्य में भी गुमशुदा मोबाइल फोनों की बरामदगी के लिए अभियान जारी रहेगा। आमजन की समस्याओं के त्वरित समाधान और अपराध नियंत्रण के लिए आधुनिक तकनीक का प्रभावी उपयोग किया जाता रहेगा।
