झांसी। देवर्षि नारद जी की जयंती के अवसर पर नारद जयंती समारोह समिति के तत्वावधान में बुधवार को बुन्देलखण्ड डिग्री कॉलेज (बीकेडी) के स्वर्ण जयंती सभागार में “नारद जयंती समारोह -2026” का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में पत्रकारिता, सूचना तंत्र और सामाजिक दायित्वों पर विस्तार से विचार-विमर्श किया गया तथा वरिष्ठ पत्रकारों को सम्मानित किया गया।

समारोह के मुख्य वक्ता अखिल भारतीय सह पर्यावरण प्रमुख राकेश जैन ने कहा कि पत्रकारिता में निडरता, निष्पक्षता और निस्वार्थ भाव का होना आवश्यक है। उन्होंने देवर्षि नारद जी के धार्मिक और पौराणिक प्रसंगों का उल्लेख करते हुए कहा कि उनका मुख्य कार्य सूचना का आदान-प्रदान करना था। उन्होंने कहा कि आधुनिक युग में सूचना तंत्र अत्यंत महत्वपूर्ण है और सूचना तथ्यात्मक व विश्वसनीय होनी चाहिए। बढ़ा-चढ़ाकर दुष्प्रचार करने से बचना चाहिए। उन्होंने कहा कि आलोचनात्मक पत्रकारिता आवश्यक हो सकती है, लेकिन समाचार को तोड़-मरोड़कर प्रस्तुत नहीं किया जाना चाहिए।
मुख्य अतिथि डॉ. आशीष अग्निहोत्री ने कहा कि तकनीकी युग में पत्रकारिता के क्षेत्र में चुनौतियां लगातार बढ़ रही हैं। उन्होंने पत्रकारों से सत्यनिष्ठा और कर्तव्यनिष्ठा के साथ कार्य करने का आह्वान किया।
कार्यक्रम की अध्यक्षता कर रहे प्रो. डॉ. एस. के. राय ने कहा कि देवर्षि नारद जी ने लोकहित और समाजहित में सूचनाओं का आदान-प्रदान कर प्रेरणा दी। आज सोशल मीडिया के दौर में पत्रकारों को धर्म, न्याय और करुणा के साथ राष्ट्रहित में कार्य करना चाहिए।
कार्यक्रम में अतिथियों का सम्मान उपजा जिलाध्यक्ष सोनिया पाण्डे, पत्रकार डॉ. राजेश चौरसिया एवं स्वदेश के संपादक प्रमोद पचौरी ने स्मृति चिन्ह भेंट कर किया।
इस अवसर पर वरिष्ठ पत्रकार रामगोपाल शर्मा, रामसेवक अडजरिया, हरी कृष्ण चतुर्वेदी, शीतल तिवारी एवं रामकुमार साहू को सम्मानित किया गया। कार्यक्रम का संचालन वरिष्ठ पत्रकार महेश पटैरिया ने किया।
समारोह में राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के विभाग प्रचारक मनोज, महानगर सह संघचालक जय सिंह सेंगर, सदर विधायक रवि शर्मा, एमएलसी रमा निरंजन, भाजपा किसान मोर्चा के राष्ट्रीय मंत्री रामनरेश तिवारी सहित विभिन्न सामाजिक, पत्रकारिता एवं राजनीतिक क्षेत्र से जुड़े लोग उपस्थित रहे। कार्यक्रम के अंत में आभार महानगर प्रचार प्रमुख एवं पीके यूनिवर्सिटी के निदेशक जितेन्द्र मिश्रा ने व्यक्त किया।
वैभव सिंह
बुंदेलखंड कनेक्शन
