झांसी। वीरांगना नगरी झांसी में 33वीं वाहिनी पीएसी के परेड ग्राउंड में उत्तर प्रदेश पुलिस के 586 नव नियुक्त आरक्षियों की भव्य दीक्षांत परेड एवं शपथ ग्रहण समारोह आयोजित किया गया।
पीएसी के इस भव्य आयोजन में मुख्य अतिथि मण्डलायुक्त बिमल कुमार दुबे एवं सेनानायक अजीत कुमार सिन्हा ने परेड की सलामी लेकर निरीक्षण किया।प्रशिक्षण प्राप्त कर रहे 586 रिक्रूट आरक्षियों ने शानदार मार्च पास्ट और अनुशासन का उत्कृष्ट प्रदर्शन करते हुए प्रशिक्षण पूर्ण किया।
सेनानायक के निर्देशन में रिक्रूट आरक्षियों ने समन्वय, अनुशासन और दक्षता का प्रभावशाली प्रदर्शन किया। प्रथम परेड कमांडर रिक्रूट आरक्षी प्रत्युष कुमार के नेतृत्व में परेड की सभी कार्यवाहियां सफलतापूर्वक सम्पन्न हुईं। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने लखनऊ से लाइव संबोधन कर नवआरक्षियों को शुभकामनाएं दीं।


मुख्यमंत्री के संबोधन के बाद सम्मान समारोह आयोजित किया गया, जिसमें जिलाधिकारी गौरांग राठी, पुलिस अधीक्षक जीआरपी विपुल श्रीवास्तव, बुन्देलखण्ड विश्वविद्यालय के प्रोफेसरगण एवं आर्मी कैण्टोनमेंट के वरिष्ठ सैन्य अधिकारी सहित जनपद के अनेक गणमान्य लोग उपस्थित रहे।
प्रशिक्षण के अन्तिम चरण में सम्पन्न हुई अन्तः एवं बाह्य विषयक परीक्षाओं के सम्पूर्ण विषयों में 1500 में से 1248 अंक प्राप्त कर उत्कृष्ट प्रदर्शन के लिए रिक्रूट आरक्षी शिवम तिवारी को सम्मान समारोह में सर्वश्रेष्ठ प्रशिक्षु घोषित किया गया। अंत में सभी आरक्षियों को कर्तव्यनिष्ठा व सत्यनिष्ठा की शपथ दिलाई गई।
उक्त कार्यक्रम के दौरान उपस्थिति जन सैलाब द्वारा करतल ध्वनि से नवनियुक्त आरक्षियों का उत्साह वर्धन करते हुए परेड मार्च पास्ट की सराहना की गई एवं कार्यक्रम का आनन्द लिया।
कार्यक्रम में प्रशासनिक, पुलिस व सैन्य अधिकारी, विश्वविद्यालय के प्रोफेसर एवं मीडिया प्रतिनिधि उपस्थित रहे।
