प्रदीपजैन आदित्य

जनता को जुमलेबाजी नहीं धरातल पर अब काम चाहिए: प्रदीपजैन आदित्य

//

झांसी 10 अप्रैल। झांसी-ललितपुर लोकसभा क्षेत्र से इंडिया गठबंधन के उम्मीदवार और पूर्व केंद्रीय मंत्री प्रदीप जैन आदित्य ने कांग्रेस के  न्याय पत्र को घोषित करते हुए मोदी सरकार द्वारा देश और विशेष रूप से बुंदेलखंड के विकास को लेकर किये जा रहे दावों को सिरे से खारिज करते हुए कहा कि आम लोग इस सरकार की जुमलेबाजी से थक चुकी है और अब उसे जुमले नहीं धरातल पर काम चाहिए।

पार्टी का न्यायपत्र घोषित करने के दौरान कांग्रेस उम्मीदवार  के साथ प्रदेश सचिव और प्रभारी अनिल मिश्रा भी उपस्थित रहे।श्री जैन ने इस लोकसभा क्षेत्र में सरकार के तमाम वादो इरादों के बीच पसरी बदहाली पर तीखे हमले करते हुए कहा कि भाजपा की असफल नीतियों का फल जनता भोग रही है। झांसी ग्रोथ का सेण्टर है लेकिन यहां आज भी फेक्ट्रियां नहीं लगायी गयीं हैं। किसानों से  फेक्ट्रियां लगाने के नाम पर जमीनें ले ली गयीं।

उन्होंने कहा कि बार-बार एयरपोर्ट के लिए जमीन चिन्हित कर इलाके की ज़मीनों के दाम बढ़ाने के बाद अब एयरपोर्ट दूसरी जगह चिन्हित किया जाता रहा है। डिफेन्स कोरिडोर की जहां बात की जाती रही है वहां घास उग रही है। कहा जाता था कि बुन्देलखंड कॉरिडोर हाईवे के दोनों ओर बड़े बाजार स्थापित किए जाएंगे  लेकिन किसी हाई वे पर कोई प्रगति नहीं है। हर घर जल योजना का बुरा हाल है। अब बीडा के नाम पर जमीनें ली जा रही हैं। वर्ल्ड बैंक  से एक लाख 86 हजार करोड़ रूपया कर्ज लेकर सडकें  खोद दी गयी लेकिन किसी को पानी की एक बूंद नहीं मिला है। कोई एक जिले के दस बारह गांव बता दे जहां आज पानी पहुंच रहा है।

विस्तृत रूप से न्याय पत्र पर चर्चा करते हुए श्री जैन ने कहा कि हमारे द्वारा जारी किया जा रहा न्याय पत्र ही घोषणा पत्र है और वचन पत्र भी है। इसमें गरीब परिवार में एक महिला को सालाना 1 लाख रूपया, नई भर्ती में 50 प्रतिशत आरक्षण की व्यवस्था की जायेगी। किसानों के लिए एमएसपी स्वामीनाथन फार्मूले के हिसाब से, फसलों का नुकसान होने पर  30 दिन के भीतर भुगतान और कृषि में इस्तेमाल होने वाले सामानों पर से जीएसटी हटाया जायेगा ताकि कृषि में होने वाले सामान किसानों को सस्ते दामों में मिल सके। श्रम का सम्मान करते हुए400 रूपये प्रति दिन के हिसाब से न्यूनतम मजदूरी, मनरेगा मजदूरों के लिए भी। इसके अलावा प्रत्येक शिक्षित युवा को एक साल के अप्रेटिसशिप द्वारा एक लाख रूपया का भुगतान और  केन्द्र सरकार में कैलेण्डर के अनुसार 30 लाख नई नौकरियां दी जायेंगी।

उन्होंने कहा जनता जुमले से उकता गयी है इसीलिये आज प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी जी को गारण्टी देने पड़ रही है। युवा परेशान है, लाखों पद रिक्त हैं, उद्योग धन्धे डूब गये, मऊरानीपुर का टेरीकॉट उद्योग बन्द, पाली में पान का उद्योग बन्द, ललितपुर में जड़ी बूटी का उद्योग खत्म हो गया, कालपी में हाथ से बनाये जाने वाला कागज बनना बन्द हो गया और भरूआसुमेरपुर में चमड़े की जूती बनना बन्द हो गयीं। चित्रकूट में ग्लास बनने की फेक्ट्री बन्द हो गयी। यहां पन्द्रह हजार से ज्यादा मकानों पर एनजीटी की तलवार लटकी है लेकिन उत्तर प्रदेश सरकार और यहां के नुमाइंदे एक आवाज नहीं उठा रहे हैं।

उन्होंने कहा कि गांव गोद लिये जाते हैं बड़ी बड़ी योजनाओं की घोषणा की जाती है और धरातल पर कुछ दिखायी नहीं देता। यह कहा गया था कि अगर हम जीते तो हाउस टेक्स हाफ और  वाटर टेक्स माफ करेंगे। इस सरकार में चार गुना हाउस टेक्स हो गया। वाटर टेक्स बेतहाशा वसूला जा रहा है। आपराधिक नोटिस भेज दिए गये कि भुगतान नहीं किया तो कुडकी कर ली जायेगी।

जिस रेल फेक्ट्री का उद्धाटन प्रधानमंत्री जी ने किया उसमें भी आज 8 प्रतिशत लोग काम कर रहे हैं। युवा परेशान है किसान आत्महत्या कर रहा है लेकिन उसके बावजूद भी किसानों को  फसल बीमा का पैसा भी नहीं मिल रहा है। व्यापारी जीएसटी से परेशान है।

वैभव सिंह
बुंदेलखंड कनेक्शन

Leave a Reply

Your email address will not be published.

Previous Story

वर्तमान युग कौशल, कला और हुनर का : प्रो सीबी सिंह

Next Story

हत्यारोप में जेल में बंद दो भाइयों को नहीं मिली जमानत

Latest from Jhansi

error: Content is protected !!