झांसी । झांसी-ललितपुर के सांसद अनुराग शर्मा ने दोनों जनपदों में गेहूं खरीद व्यवस्था में आ रही गंभीर समस्याओं को लेकर सख्त रुख अपनाया है। उन्होंने झांसी और ललितपुर के जिलाधिकारियों को पत्र लिखकर तत्काल प्रभावी कार्यवाही करने के निर्देश दिए हैं।

सांसद ने अपने पत्र में कहा कि विभिन्न क्रय केंद्रों पर गेहूं खरीद व्यवस्था पूरी तरह अव्यवस्थित हो चुकी है। खासतौर पर बारदाना (बोरी) की भारी कमी के चलते कई दिनों से खरीद कार्य प्रभावित है, जिससे किसानों को आर्थिक और सामाजिक कठिनाइयों का सामना करना पड़ रहा है।
उन्होंने बताया कि किसान अपनी उपज लेकर कई-कई दिनों तक मंडियों में इंतजार करने को मजबूर हैं। ट्रैक्टर-ट्रॉली का प्रतिदिन लगभग ₹1500 किराया और भोजन आदि का अतिरिक्त खर्च किसानों पर भारी पड़ रहा है। वहीं, अधिकारियों के आश्वासन के बावजूद जमीनी स्तर पर व्यवस्था में सुधार नहीं हो पा रहा है। कई स्थानों पर कांटे बंद पड़े हैं और क्रय केंद्रों पर समुचित प्रबंधन का अभाव साफ दिखाई दे रहा है।
सांसद ने इस स्थिति को गंभीर बताते हुए प्रशासन से तत्काल सुधार की मांग की है। उन्होंने निर्देश दिए हैं कि सभी क्रय केंद्रों पर पर्याप्त मात्रा में बारदाना उपलब्ध कराया जाए और लापरवाही बरतने वाले अधिकारियों-कर्मचारियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाए। साथ ही खरीद प्रक्रिया को पारदर्शी, सुचारू और समयबद्ध बनाने पर जोर दिया है।
उन्होंने मंडियों में किसानों के लिए पेयजल, छाया और अन्य आवश्यक सुविधाएं सुनिश्चित करने तथा समस्याओं के त्वरित समाधान के लिए नोडल अधिकारी नियुक्त करने की भी मांग की है।
