झांसी। CM YOGI से गुहार :जनपद की मऊरानीपुर तहसील क्षेत्र के ग्राम मेलोनी के मोहल्ला कछियाना खिरक में बारिश के दौरान रास्ते पर जलभराव हो जाता है ,परिणामस्वरुप कीचड़ से ग्रामीणों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। स्कूल जाने वाले छोटे-छोटे बच्चों को भी इसी रास्ते से होकर गुजरना पड़ रहा है।
वायरल वीडियो में CM YOGI से गुहार :
बच्चों ने वीडियो के माध्यम से मुख्यमंत्री से गांव में पक्की सड़क बनवाने की गुहार लगाई है। वायरल वीडियो में बच्चे रास्ते की बदहाल स्थिति दिखाते हुए अपनी परेशानी बताते नजर आ रहे हैं।
बच्चों का कहना है कि बारिश के बाद क्योंकि रास्ते पर कीचड़ और पानी भर जाता है इसलिए स्कूल आने-जाने में काफी दिक्कत होती है। ग्रामीणों के मुताबिक बेहतर रास्ते की मांग लंबे समय से की जा रही है ,मगर समस्या का स्थायी समाधान नहीं हो सका है।

बारिश के दौरान रास्ते की स्थिति खराब होने से पैदल आवागमन भी मुश्किल हो जाता है। ग्रामीणों का कहना है कि बच्चों के अलावा बुजुर्गों और अन्य लोगों को भी इस रास्ते से निकलने में परेशानी होती है। अब बच्चों की ओर से मुख्यमंत्री से की गई गुहार के बाद मामला चर्चा में है।
एसडीएम मऊरानीपुर ने बताया:
मामले में एसडीएम मऊरानीपुर ने बताया कि प्रथम दृष्टया वायरल वीडियो ग्राम मेलोनी के कछियाना खिरक मजरे का प्रतीत हो रहा है। वीडियो में बच्चों द्वारा रास्ता खराब होने और जलभराव की समस्या बताई गई है। उन्होंने कहा कि मामले की जांच कराई जाएगी। यदि रास्ता खराब पाया जाता है तो संबंधित अधिकारियों से बात कर उचित कार्रवाई कराई जाएगी।
