झांसी। रानी लक्ष्मीबाई केंद्रीय कृषि विश्वविद्यालय, झांसी की एनसीसी कैडेट्स ने 32 यूपी गर्ल्स बटालियन द्वारा आयोजित 10 दिवसीय संयुक्त वार्षिक प्रशिक्षण शिविर (सीएटीसी-189) में उत्कृष्ट प्रदर्शन करते हुए कई उपलब्धियां अपने नाम कीं। 3 से 12 जुलाई तक आयोजित इस शिविर में झांसी और ललितपुर के 17 शिक्षण संस्थानों के करीब 600 कैडेट्स ने भाग लिया।

सामूहिक प्रतियोगिताओं में रहा दबदबा
विश्वविद्यालय की 17 कैडेट्स ने सामूहिक नृत्य एवं सामूहिक गान प्रतियोगिता में प्रथम स्थान प्राप्त किया। वाद-विवाद प्रतियोगिता में अनन्या चौबे प्रथम और आरुषि सिंह द्वितीय रहीं। हेल्थ एंड हाइजीन क्विज में आरुषि सिंह प्रथम तथा कृतिका गौर द्वितीय स्थान पर रहीं। पोस्टर प्रतियोगिता में भी आरुषि सिंह ने द्वितीय स्थान हासिल किया।
आयुषी सिंह बनीं सर्वश्रेष्ठ वरिष्ठ कैडेट
शिविर का सर्वोच्च सम्मान ‘सर्वश्रेष्ठ वरिष्ठ कैडेट’ आयुषी सिंह को प्रदान किया गया। इसके अलावा वॉलीबॉल प्रतियोगिता में ब्रावो कंपनी तथा गार्ड ऑफ ऑनर प्रतियोगिता में अल्फा कंपनी की जीत में कृषि विश्वविद्यालय की कैडेट्स ने महत्वपूर्ण भूमिका निभाई।
ड्रोन और हथियार संचालन का मिला प्रशिक्षण
शिविर के दौरान कैडेट्स को ड्रिल, गार्ड ऑफ ऑनर, हथियार संचालन, फायरिंग, सिम्युलेटर अभ्यास और ड्रोन संचालन का व्यावहारिक प्रशिक्षण दिया गया। विश्वविद्यालय की एएनओ लेफ्टिनेंट प्रियंका शर्मा ने पूरे शिविर में कैडेट्स का मार्गदर्शन किया।
समापन समारोह में हुआ सम्मान
समापन समारोह में 32 यूपी गर्ल्स बटालियन के कमांडिंग ऑफिसर कर्नल अभय सिंह देव ने विजेता कैडेट्स को सम्मानित करते हुए राष्ट्रसेवा और अनुशासन का संदेश दिया। विश्वविद्यालय की इस उपलब्धि पर पूरे विश्वविद्यालय परिवार ने कैडेट्स को बधाई दी।
