
आरोपी ने मजदूरी के पैसों के बंटवारे को लेकर हुए विवाद में पत्थर से हमला कर किशोर की हत्या करने और साक्ष्य मिटाने के लिए शव को कुएं में फेंकने की बात कबूल की है।
पुलिस के अनुसार, 19 जुलाई को किशोर के घर से बिना बताए चले जाने पर परिजनों की तहरीर के आधार पर गुमशुदगी संबंधी धाराओं में मुकदमा दर्ज किया गया था। अगले दिन 20 जुलाई को ग्राम खजराहा बुजुर्ग स्थित एक कुएं से किशोर का शव बरामद हुआ। पोस्टमार्टम रिपोर्ट और विवेचना के दौरान मिले साक्ष्यों के आधार पर मुकदमे में हत्या की धारा बढ़ाई गई और मामले के खुलासे के लिए पुलिस टीमों को लगाया गया।
लगातार जांच के बाद मंगलवार को थाना बबीना पुलिस ने आरोपी आशिक अहिरवार को गिरफ्तार कर लिया। पूछताछ में आरोपी ने बताया कि वह और मृतक चचेरे भाई थे तथा दोनों एक ही स्थान पर मजदूरी करते थे। मजदूरी के पैसे बांटने को लेकर दोनों के बीच विवाद हुआ, जिसके बाद उसने पत्थर से हमला कर हत्या कर दी और शव को कुएं में फेंक दिया।
पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश करने की कार्रवाई शुरू कर दी है। मामले के संबंध में क्षेत्राधिकारी सदर प्रिया सिंह ने बताया कि साक्ष्यों के आधार पर घटना का सफल अनावरण कर आरोपी को गिरफ्तार कर लिया गया है तथा आगे की विधिक कार्रवाई की जा रही है।
