झांसी। जिलाधिकारी गौरांग राठी ने जनपदवासियों को दीपावली पर्व की हार्दिक शुभकामनाएं देते हुए त्योहार को शांति, सौहार्द और आपसी भाईचारे के साथ मनाने की अपील की है। उन्होंने कहा कि प्रकाश और खुशियों का यह पर्व सभी के जीवन में सुख, शांति, आरोग्य और समृद्धि लेकर आए।
डीएम ने कहा कि दीपावली भगवान श्रीराम के 14 वर्ष का वनवास पूरा कर माता सीता और लक्ष्मण के साथ अयोध्या लौटने की खुशी में मनाई जाती है। उनके स्वागत में अयोध्यावासियों ने घर-घर दीप जलाए थे। तभी से यह पर्व प्रकाश और उल्लास के प्रतीक के रूप में मनाया जा रहा है।
उन्होंने कहा कि दीपावली पर जनपद में शांति व्यवस्था बनाए रखने के लिए सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किए गए हैं। असामाजिक तत्वों पर कड़ी नजर रखी जा रही है। किसी भी व्यक्ति या वर्ग ने शांति व्यवस्था बिगाड़ने का प्रयास किया तो उसके खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।
जिलाधिकारी ने अभिभावकों से विशेष अपील की कि आतिशबाजी करते समय बच्चों के साथ रहें और उन्हें अकेले पटाखे न चलाने दें, ताकि किसी भी अप्रिय घटना से बचा जा सके। उन्होंने कामना की कि दीपों का यह पर्व सभी के जीवन को नई ऊर्जा और खुशियों से रोशन करे।
