झांसी। जनपद के बबीना विधानसभा क्षेत्र में समाजवादी पार्टी ने पीडीए जन पंचायत के आयोजन के साथ संगठन को जमीनी स्तर पर मजबूत करने की कवायद शुरू कर दी । इस पंचायत में मुख्य अतिथि के रूप में पहुंचे हमीरपुर-महोबा-तिंदवारी के सपा सांसद अजेंद्र सिंह लोधी ने पीडीए की आवाज को मजबूत करने को जनता के बीच लगातार पहुंचने की ज़रूरत को रेखांकित किया ।
बड़ागांव ब्लॉक की पुरानी गौशाला में पार्टी के प्रदेश सचिव एवं पूर्व जिला अध्यक्ष महेश कश्यप के नेतृत्व में आयोजित पंचायत में सपा नेताओं ने सामाजिक न्याय के मुद्दों को जनता के बीच ले जाने के साथ ही गांव-गांव और बूथ स्तर पर संगठन की सक्रियता बढ़ाने का आह्वान किया। कार्यक्रम की अध्यक्षता पूर्व चेयरमैन प्रत्याशी आशा रिछारिया ने की।

अजेंद्र सिंह लोधी ने कहा:
सांसद अजेंद्र सिंह लोधी ने कार्यकर्ताओं से कहा कि पीडीए की आवाज को मजबूत करने के लिए केवल बैठकों तक सीमित रहने के बजाय लगातार जनता के बीच पहुंचना होगा। उन्होंने कहा कि समाजवादी पार्टी को अपने परंपरागत आधार से आगे बढ़कर हर जाति और वर्ग के उन लोगों को साथ जोड़ना है, जो सामाजिक न्याय, समान अवसर और संविधान में विश्वास रखते हैं। इसके लिए गांव-गांव संपर्क और बूथ स्तर पर संगठन की मजबूती जरूरी है।
श्री लोधी ने भाजपा सरकार पर निशाना साधते हुए आरोप लगाया कि लोधी समाज को अपमानित किए जाने से समाज में आक्रोश है। उन्होंने प्रदेश की कानून-व्यवस्था के साथ महंगाई, बेरोजगारी और भ्रष्टाचार को भी मुद्दा बनाया।
संसद ने कहा कि पढ़ाई, दवाई और खेती-किसानी महंगी होने से आम जनता परेशान है। उन्होंने विपक्षी नेताओं के खिलाफ केंद्रीय जांच एजेंसियों के कथित दुरुपयोग का भी आरोप लगाया।
जन पंचायत में आगामी चुनाव को लेकर संगठन की सक्रियता बढ़ाने पर विशेष जोर रहा। कार्यकर्ताओं से कहा गया कि वे बूथ स्तर पर संगठन को मजबूत करें और जनता के बीच जाकर स्थानीय समस्याओं के साथ सामाजिक न्याय से जुड़े मुद्दों को प्रमुखता से उठाएं। इस दौरान सर्वसमाज को पार्टी से जोड़ने और संगठन का विस्तार करने का संकल्प भी लिया गया।
कार्यक्रम के दौरान महेश कश्यप ने बुजुर्गों एवं महिलाओं को शाल और श्रीफल भेंट कर सम्मानित किया। संचालन कौशल कुशवाहा एवं रवि रायकवार ने संयुक्त रूप से किया। आभार महेश कश्यप ने व्यक्त किया।
