झांसी। मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. शिशिर पुरी ने मंगलवार को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र गुरसरांय का औचक निरीक्षण कर स्वास्थ्य सेवाओं और व्यवस्थाओं की हकीकत परखी।

निरीक्षण के दौरान स्टाफ नर्स हर्ष नारायण और एक्स-रे टेक्नीशियन पुष्पेंद्र कुमार बिना सूचना अनुपस्थित मिले। इस पर सीएमओ ने दोनों का संबंधित अवधि का वेतन काटने और स्पष्टीकरण लेने के निर्देश दिए।
निरीक्षण के दौरान सीएमओ ने प्रसव कक्ष, एक्स-रे कक्ष, पैथोलॉजी, ओपीडी, अल्ट्रासाउंड कक्ष, दंत रोग कक्ष और जन औषधि केंद्र का निरीक्षण किया। मरीजों ने प्रसव ऑपरेशन और एक्स-रे सेवाएं निःशुल्क मिलने की जानकारी दी। पैथोलॉजी में 18 प्रकार की जांचें संचालित मिलीं, जिस पर सभी जांच रिपोर्टें एलआईएस प्रणाली से जारी करने के निर्देश दिए गए।
ओपीडी में चिकित्सक डॉ. हरनारायण राजपूत और डॉ. विपिन कुमार बिना एप्रन के मरीजों का उपचार करते मिले। वहीं ओपीडी पंजिका में मरीजों की प्रारंभिक बीमारी और दी गई दवाओं का विवरण दर्ज न होने पर सीएमओ ने नाराजगी जताते हुए अभिलेख नियमित रूप से पूर्ण करने के निर्देश दिए।
अल्ट्रासाउंड कक्ष में रेडियोलॉजिस्ट न होने से फिलहाल केवल गर्भवती महिलाओं के अल्ट्रासाउंड किए जाने की जानकारी मिली। जन औषधि केंद्र निरीक्षण के समय बंद मिला, जिस पर संचालक को तत्काल बुलाकर निर्धारित समय के अनुसार नियमित संचालन सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए।
निरीक्षण के दौरान अस्पताल परिसर में जंग लगी खराब व्हीलचेयर, इमरजेंसी वार्ड में डस्टबिन का अभाव और साफ-सफाई की खराब स्थिति भी सामने आई। सीएमओ ने अधीक्षक को सभी कमियां तत्काल दूर कर अस्पताल में बेहतर एवं गुणवत्तापूर्ण स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराने के निर्देश दिए। निरीक्षण के दौरान एआरओ आर.एम. मौर्य भी मौजूद रहे।
