झांसी। जनपद की तहसील टहरौली के ग्राम खजराहा में सरकारी सस्ते गल्ले की दुकान संचालक के खिलाफ ग्रामीणों का आक्रोश फूट पड़ा। दर्जनों ग्रामीणों ने संयुक्त हस्ताक्षरों और अंगूठा निशान सहित उपजिलाधिकारी टहरौली को शिकायती पत्र सौंपकर कोटेदार पर राशन वितरण में धांधली, कम राशन देने, गाली-गलौज, मारपीट और धमकी देने जैसे गंभीर आरोप लगाए हैं। ग्रामीणों ने पूरे मामले की निष्पक्ष जांच कर कठोर कार्रवाई की मांग की है।

शिकायत के मुताबिक पात्र लाभार्थियों को निर्धारित मात्रा से कम राशन दिया जाता है। विरोध करने पर अभद्रता की जाती है और झूठे मुकदमे में फंसाने की धमकी दी जाती है। ग्रामीणों का आरोप है कि राशन की तौल ईंट और पत्थरों के सहारे की जाती है, जिससे सरकारी खाद्यान्न में गड़बड़ी की जा रही है।
ग्रामीणों का कहना है कि कुछ दिन पहले गांव के युवाओं ने कथित अनियमितताओं का वीडियो बनाकर शिकायत की थी। इसके बाद 26 जुलाई को कोटेदार और उसके परिजनों ने कथित रूप से लोकेंद्र, रिंकू और अभिषेक को राशन देने के बहाने बुलाकर लाठी-डंडों से मारपीट की।
ग्रामीणों ने चेतावनी दी कि यदि समय रहते कार्रवाई नहीं हुई तो गांव में कानून-व्यवस्था की स्थिति बिगड़ सकती है। उन्होंने कोटेदार का लाइसेंस निलंबित करने, मारपीट के मामले में एफआईआर दर्ज कराने और निष्पक्ष जांच कराने की मांग की है।
उपजिलाधिकारी टहरौली आशीष कुमार सिंह ने बताया कि ग्रामीणों की शिकायत पर नियमानुसार जांच कराई जा रही है। जांच में आरोप सही पाए जाने पर दोषी के विरुद्ध वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।
वैभव सिंह
बुंदेलखंड कनेक्शन
