झांसी। बुंदेलखंड औद्योगिक विकास प्राधिकरण क्षेत्र (बीडा) में अधिग्रहित भूमि का मुआवजा न मिलने से नाराज किसानों ने एक सभा आयोजित कर जल्द भुगतान की मांग उठाई। सभा में बड़ी संख्या में किसानों ने अपनी समस्याएं रखते हुए प्रशासन से लंबित भुगतान शीघ्र कराने की मांग की।

सभा को संबोधित करते हुए समाजवादी नेता अरविंद वशिष्ठ ने कहा कि सरकार ने किसानों की पुश्तैनी जमीन तो अधिग्रहित कर ली, लेकिन आज तक उन्हें उनका वैधानिक मुआवजा नहीं मिला। किसान अपने ही हक के लिए सरकारी कार्यालयों के चक्कर लगाने को मजबूर हैं, जो बेहद दुर्भाग्यपूर्ण है।
उन्होंने चेतावनी देते हुए कहा कि यदि प्रभावित किसानों को ब्याज सहित पूरा मुआवजा जल्द नहीं दिया गया तो किसानों के साथ मिलकर लोकतांत्रिक और शांतिपूर्ण जनआंदोलन शुरू किया जाएगा, जिसकी पूरी जिम्मेदारी प्रशासन और सरकार की होगी। उन्होंने मांग की कि अधिग्रहित भूमि का लंबित भुगतान प्राथमिकता के आधार पर कराया जाए और सभी प्रभावित किसानों को न्याय मिले।
जिलाध्यक्ष व्यापार सभा सत्येंद्र पुरी ने कहा कि किसानों की जमीन अधिग्रहित करने के बाद समय पर भुगतान न करना उनके साथ अन्याय है। सरकार को सभी प्रभावित किसानों को नियमानुसार पूरा मुआवजा और अन्य देय लाभ तत्काल उपलब्ध कराने चाहिए।सभा में मौजूद किसानों ने भी एक स्वर में लंबित भुगतान शीघ्र कराने की मांग की और आवश्यकता पड़ने पर आंदोलन को तेज करने का संकल्प लिया।
इस अवसर पर हैदर अली, अभिषेक दीक्षित, मनीष कश्यप, अमित चक्रवर्ती, यशवीर पिपरिया, कृष्णा वर्मा, सौरभ राय, आशीष वाजपेयी, आर.के. अमरया सहित अन्य किसान एवं पदाधिकारी उपस्थित रहे।
