झांसी। जनपद के मऊरानीपुर थाना क्षेत्र के देवरी चौकी इलाके में धसान नदी में डूबे एक वृद्ध का शव करीब 15 घंटे तक चले रेस्क्यू अभियान के बाद बरामद कर लिया गया । पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। घटना के बाद मृतक के परिवार में कोहराम मचा हुआ है।

प्राप्त जानकारी के अनुसार, देवरी चौकी क्षेत्र निवासी लगभग 60 वर्षीय सुखई पाल मंगलवार को अपनी भैंसें चराने के लिए धसान नदी के किनारे गए थे। इसी दौरान वह नदी की गहराई में चले गए और डूब गए। काफी देर तक घर न लौटने पर परिजनों एवं ग्रामीणों ने उनकी तलाश शुरू की, जिसके बाद नदी में डूबने की आशंका पर पुलिस को सूचना दी गई।
सूचना मिलते ही देवरी चौकी प्रभारी शिवपाल सिंह गौर पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। स्थानीय गोताखोरों एवं ग्रामीणों की सहायता से नदी में सर्च अभियान चलाया गया। लगातार लगभग 15 घंटे तक चले रेस्क्यू ऑपरेशन के बाद वृद्ध का शव नदी से बाहर निकाला जा सका।
पुलिस ने पंचनामा भरकर शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है तथा मामले में आवश्यक विधिक कार्रवाई की जा रही है। पूरे गांव में शोक की लहर दौड़ गई है।
