भाजपा के राष्ट्रीय महामंत्री तरुण चुघ

राहुल, अखिलेश और टीएमसी पर जमकर बरसे भाजपा के राष्ट्रीय महामंत्री तरुण चुघ

झांसी। भारतीय जनता पार्टी के राष्ट्रीय महामंत्री एवं राज्यसभा सांसद तरुण चुघ ने सोमवार को झांसी प्रवास के दौरान कांग्रेस, समाजवादी पार्टी और विपक्षी दलों पर जमकर निशाना साधते हुए आरोप लगाया कि विपक्ष का एकमात्र एजेंडा सनातन को गाली देना, हिंदुत्व का अपमान करना और लोकतांत्रिक संस्थाओं पर सवाल खड़े करना है।

केंद्र सरकार के 12 वर्ष पूर्ण होने के अवसर पर सर्किट हाउस में आयोजित प्रेसवार्ता में उन्होंने विपक्ष पर सनातन, हिंदुत्व और देश की लोकतांत्रिक संस्थाओं को बदनाम करने का आरोप लगाया।

श्री चुघ ने कहा कि राहुल गांधी और अखिलेश यादव के नेतृत्व वाला इंडी गठबंधन लगातार देश की छवि को नुकसान पहुंचाने का प्रयास कर रहा है।

समाजवादी पार्टी से जुड़े एक बयान पर प्रतिक्रिया देते हुए भाजपा नेता ने कहा कि कुछ विपक्षी नेताओं की भाषा पाकिस्तान के प्रचार तंत्र से मेल खाती है। उन्होंने कहा कि अखिलेश यादव पाकिस्तान की भाषा बोल रहे हैं और यह दुर्भाग्यपूर्ण है कि देश के कुछ नेता राष्ट्रीय मुद्दों पर ऐसी टिप्पणियां करते हैं।

राहुल गांधी पर हमला बोलते हुए कहा कि राष्ट्रीय सुरक्षा और सेना से जुड़े मुद्दों पर विपक्ष को जिम्मेदार भूमिका निभानी चाहिए। उन्होंने आरोप लगाया कि ऑपरेशन सिंदूर के दौरान राहुल गांधी का रवैया पाकिस्तान के सुर में सुर मिलाने जैसा था।

अयोध्या स्थित राम मंदिर में चढ़ावे से जुड़े कथित मामले पर पूछे गए सवाल के जवाब में उन्होंने कहा कि कानून अपना काम करेगा और जो भी दोषी पाया जाएगा, उसे किसी भी कीमत पर बख्शा नहीं जाएगा।

एआईएमआईएम प्रमुख असदुद्दीन ओवैसी के भाजपा विरोधी गठबंधन संबंधी बयान पर प्रतिक्रिया देते हुए श्री चुघ ने कहा कि भाजपा को हराने का सपना पहले भी कई विपक्षी नेता देखते रहे हैं। उन्होंने कहा कि ऐसे सपने “मुंगेरीलाल के हसीन सपनों” की तरह हैं और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी तथा मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व में भाजपा जनता की पहली पसंद बनी हुई है।

केंद्र सरकार की उपलब्धियों का उल्लेख करते हुए उन्होंने कहा कि बीते 12 वर्षों में राष्ट्रीय सुरक्षा, महिला सशक्तिकरण और विकास के क्षेत्र में कई ऐतिहासिक कार्य हुए हैं। नारी शक्ति वंदन अधिनियम का जिक्र करते हुए उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने देश की महिलाओं को उनका अधिकार दिलाने का संकल्प पूरा किया है।

जम्मू-कश्मीर के मुद्दे पर बोलते हुए श्री चुघ ने कहा कि अनुच्छेद 370 और 35ए हटने के बाद कश्मीरी पंडितों के पुनर्वास की प्रक्रिया तेज हुई है। उन्होंने दावा किया कि क्षेत्र में शांति और सामान्य स्थिति बहाल हुई है तथा धार्मिक गतिविधियों को भी नया जीवन मिला है।

पश्चिम बंगाल की स्थिति पर टिप्पणी करते हुए भाजपा नेता ने मुख्यमंत्री ममता बनर्जी की सरकार की आलोचना की और कहा कि सीमाई सुरक्षा तथा घुसपैठ जैसे मामलों पर कठोर कार्रवाई की आवश्यकता है।

इस अवसर पर सांसद अनुराग शर्मा, विधान परिषद सदस्य रामतीर्थ सिंघल, सदर विधायक रवि शर्मा, बबीना विधायक राजीव सिंह पारीछा, महापौर बिहारी लाल आर्य, भाजपा महानगर अध्यक्ष सुधीर सिंह सहित पार्टी के अन्य पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता उपस्थित रहे।

वैभव सिंह
बुंदेलखंड कनेक्शन

Leave a Reply

Your email address will not be published.

Previous Story

पेयजल संकट पर फूटा महिलाओं का गुस्सा,सौंपा ज्ञापन

Next Story

देसी शराब की दुकान हटाने की मांग को लेकर सैकड़ों महिलाओं का प्रदर्शन

Latest from बुंदेलखंड

error: Content is protected !!