झांसी मंडल

चेन पुलिंग के बाद ट्रेन से उतरना पड़ा भारी,यात्री आये दूसरी ट्रेन की चपेट में 

/
झांसी। उत्तर मध्य रेलवे के झांसी मंडल के हेतमपुर–धौलपुर रेलखंड पर रविवार को गाड़ी संख्या 19665 खजुराहो–उदयपुर इंटरसिटी एक्सप्रेस में अलार्म चेन पुलिंग (एसीपी) के कारण ट्रेन के रुकने के दौरान कुछ यात्री नीचे उतर गए। इसी दौरान अप दिशा से आ रही गाड़ी संख्या 20424 फिरोजपुर–सिवनी पातालकोट एक्सप्रेस की चपेट में आने से कुछ यात्रियों के हताहत होने की सूचना है।
रेलवे प्रशासन के अनुसार, घटना 14 जून 2026 को लगभग शाम 4:15 बजे हुई। खजुराहो–उदयपुर इंटरसिटी एक्सप्रेस के इंजन से दूसरे जनरल कोच में किसी यात्री द्वारा अलार्म चेन पुलिंग किए जाने के कारण ट्रेन हेतमपुर और धौलपुर स्टेशन के बीच सेक्शन में रुक गई थी। प्रारंभिक जानकारी के मुताबिक ट्रेन रुकने के बाद कुछ यात्री रेल लाइन पर उतरकर इधर-उधर जाने लगे, तभी विपरीत दिशा से गुजर रही पातालकोट एक्सप्रेस की चपेट में आ गए।
दुखद रेल हादसे की सूचना मिलते ही रेलवे प्रशासन, रेलवे सुरक्षा बल (आरपीएफ), सरकारी रेलवे पुलिस (जीआरपी) तथा स्थानीय प्रशासन के अधिकारी तत्काल मौके पर पहुंच गए और राहत एवं बचाव कार्य शुरू कराया गया। प्रभावित यात्रियों को आवश्यक चिकित्सीय सहायता उपलब्ध कराई जा रही है।
रेलवे प्रशासन ने घटना की विस्तृत जांच के आदेश दिए हैं। साथ ही यात्रियों से अपील की है कि किसी भी परिस्थिति में चलती अथवा सेक्शन में खड़ी ट्रेन से बिना अनुमति नीचे न उतरें और रेलवे सुरक्षा नियमों का पालन करें, ताकि इस प्रकार की दुखद घटनाओं से बचा जा सके।
वैभव सिंह
बुंदेलखंड कनेक्शन

Leave a Reply

Your email address will not be published.

Previous Story

पॉक्सो कोर्ट का फैसला: किशोरी से छेड़छाड़ के दोषी को तीन साल की सजा

Next Story

इलेक्ट्रिक स्कूटी बनी आग का गोला, चालक ने कूदकर बचाई जान

Latest from Jhansi

error: Content is protected !!