शहर की पेयजल समस्या

195 एमएलडी पानी सप्लाई से जल्द दूर होगी शहर की पेयजल समस्या: डीएम

/

झांसी। जिलाधिकारी गौरांग राठी ने जिला पेयजल एवं स्वच्छता मिशन की बैठक में जल जीवन मिशन और अमृत योजनाओं की समीक्षा करते हुए स्पष्ट निर्देश दिए कि पानी की बर्बादी किसी भी कीमत पर बर्दाश्त नहीं की जाएगी। यदि जल जीवन मिशन की परियोजनाओं में पानी की बर्बादी पाई गई तो संबंधित कार्यदायी संस्था को नोटिस जारी कर जुर्माना लगाया जाएगा।

कलेक्ट्रेट सभागार में आयोजित बैठक में जिलाधिकारी ने कहा कि अमृत और अमृत 2.0 योजना के अंतर्गत नगर क्षेत्र में जल्द ही 195 एमएलडी पानी की सप्लाई शुरू हो जाएगी, जिससे शहर में पेयजल संकट काफी हद तक दूर होगा। उन्होंने निर्देश दिए कि जिन मोहल्लों में पानी की अधिक आवश्यकता है वहां तत्काल टैंकरों के माध्यम से जलापूर्ति सुनिश्चित की जाए। विशेष रूप से डडियापुरा, तालपुरा, सिमरधा और मसीहागंज क्षेत्रों पर सतत निगरानी रखने को कहा गया।

जिलाधिकारी ने जल जीवन मिशन के अंतर्गत निर्माणाधीन ग्राम समूह पेयजल योजनाओं की समीक्षा करते हुए कार्यदायी संस्था बीजीसीसी प्राइवेट लिमिटेड की धीमी प्रगति पर नाराजगी जताई। उन्होंने इमलौटा, टेहरका और बरथरी समूह पेयजल योजनाओं के शेष कार्य शीघ्र पूर्ण कर शत-प्रतिशत घरों तक नियमित जलापूर्ति सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।

बैठक में ग्राम शेखर, खैलार, तालरमन्ना और पुनांवली कला में छूटे हुए घरों तक नियमित पानी पहुंचाने के निर्देश भी दिए गए। बबीना विकासखंड के ग्राम खैलार में टुल्लू और मोटर लगाकर पानी खींचने की शिकायत पर जिलाधिकारी ने सख्त कार्रवाई के निर्देश दिए ताकि पीछे के घरों तक भी पानी पहुंच सके।

जिलाधिकारी ने पाइपलाइन डालने के दौरान खोदी गई सड़कों की गुणवत्ता की भी समीक्षा की और निर्देश दिए कि सभी सड़कों को मानक के अनुसार शीघ्र पुनर्स्थापित किया जाए, ताकि आम लोगों को आवागमन में परेशानी न हो। उन्होंने कहा कि पाइपलाइन कार्य और सड़क पुनर्स्थापना की सूचना लोक निर्माण विभाग को अनिवार्य रूप से दी जाए।

प्रमुख निर्देश

▪️ जरूरत वाले मोहल्लों में टैंकर से जलापूर्ति
▪️ 195 एमएलडी पानी सप्लाई जल्द शुरू होगी
▪️ पानी की बर्बादी पर कार्यदायी संस्था पर जुर्माना
▪️ टुल्लू/मोटर लगाकर पानी खींचने वालों पर कार्रवाई
▪️ खोदी गई सड़कों को गुणवत्ता के साथ रीस्टोर करने के निर्देश

आंकड़ों में जल जीवन मिशन

▪️ जनपद में 10 ग्राम समूह पेयजल योजनाएं
▪️ 7 परियोजनाएं पूर्ण
▪️ 3 परियोजनाओं का कार्य शेष
▪️ इमलौटा, टेहरका और बरथरी योजनाओं को जल्द पूरा करने के निर्देश

वैभव सिंह
बुंदेलखंड कनेक्शन

Leave a Reply

Your email address will not be published.

Previous Story

दीनदयाल उपाध्याय हिंदी विद्यापीठ के उत्तर प्रदेश संयोजक बने पत्रकार कुंदन सोलंकी

Next Story

राजीव गांधी की पुण्यतिथि पर कांग्रेसियों ने दी श्रद्धांजलि

Latest from Jhansi

दीनदयाल उपाध्याय हिंदी विद्यापीठ के उत्तर प्रदेश संयोजक बने पत्रकार कुंदन सोलंकी

झांसी। दीनदयाल उपाध्याय हिंदी विद्यापीठ, वृंदावन धाम मथुरा द्वारा समाज सेवा एवं पत्रकारिता के क्षेत्र में

error: Content is protected !!