झांसी | झांसी के सकरार थाना क्षेत्र में दो दिन से लापता एक किसान का शव नदी में बने पुराने कुएं से बरामद किया गया।

प्राप्त जानकारी के अनुसार, 55 वर्षीय किसान भगवानदास कुशवाहा पुत्र घनश्याम मंगलवार दोपहर अपने खेत की ओर गया था , लेकिन देर शाम तक घर वापस नहीं लौटा । परिजनों ने काफी तलाश की, लेकिन कोई सुराग नहीं मिलने पर बुधवार को सकरार थाने में गुमशुदगी दर्ज कराई गई।
गुरुवार सुबह परिजन और ग्रामीण दोबारा खोजबीन में जुटे। इसी दौरान कबूतरा डेरा के पास नैना नदी किनारे मृतक के कपड़े मिले, जिससे डूबने की आशंका बढ़ गई। इसके बाद ग्रामीणों ने नदी में उतरकर तलाश की, जहां बीच नदी में बने एक पुराने कुएं में भगवानदास का शव मिला।
सूचना पर पहुंची पुलिस टीम ने स्थानीय गोताखोरों की मदद से शव को बाहर निकलवाया।ग्रामीणों के अनुसार, आशंका है कि खेत जाते समय पैर फिसलने से भगवानदास नदी में गिर गया और डूबने से उसकी मौत हो गई।
पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। पुलिस ने बताया कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के वास्तविक कारण स्पष्ट हो सकेंगे।परिजनों के अनुसार, दो दिन पहले ही मृतक की पोती माही की आकस्मिक मृत्यु हो गयी थी।
