झांसी। उत्तर मध्य रेलवे के झांसी मंडल ने वित्तीय वर्ष 2025-26 में टिकट जांच राजस्व के क्षेत्र में अब तक का सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन करते हुए नया इतिहास रच दिया है।

मंडल रेल प्रबंधक अनिरुद्ध कुमार के मार्गदर्शन और वरिष्ठ मंडल वाणिज्य प्रबंधक अमन वर्मा के निर्देशन में टिकट जांच कर्मियों ने उल्लेखनीय कार्य करते हुए रिकॉर्ड राजस्व अर्जित किया। इस उपलब्धि का अहम योगदान मंडल को जोन स्तर पर प्राप्त वाणिज्य शील्ड में रहा।
इस उपलब्धि के उपलक्ष्य में सीनियर रेलवे इंस्टीट्यूट, झांसी में टिकट जांच कर्मियों के सम्मान में समारोह आयोजित किया गया, जिसमें वरिष्ठ मंडल वाणिज्य प्रबंधक अमन वर्मा मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहे।
कार्यक्रम में वरिष्ठ मंडल वाणिज्य प्रबंधक (फ्रेट) नीरज भटनागर, जनसंपर्क अधिकारी मनोज कुमार सिंह, सहायक वाणिज्य प्रबंधक वीरेंद्र सिंह एवं अनिल कुमार श्रीवास्तव सहित अन्य अधिकारियों ने टिकट जांच स्टाफ की कर्तव्यनिष्ठा और समर्पण की सराहना की। वक्ताओं ने कहा कि कठिन परिस्थितियों में भी कर्मचारियों ने राजस्व संरक्षण के लिए सराहनीय प्रयास किए, जिसके परिणामस्वरूप यह उपलब्धि संभव हो सकी।
समारोह में मुख्य टिकट निरीक्षक एम.एल. मीणा सहित बड़ी संख्या में टिकट जांच कर्मचारी उपस्थित रहे। यह आयोजन कर्मचारियों के उत्कृष्ट कार्यों के सम्मान के साथ-साथ भविष्य के लिए प्रेरणा का माध्यम भी बना।
