झांसी।जनपद के थाना बड़ागांव क्षेत्र में सोमवार दोपहर एक बड़ा अग्निकांड सामने आया, जब सड़क किनारे खड़े एक ट्रक में अचानक भीषण आग लग गई। आग ने कुछ ही देर में विकराल रूप ले लिया और पूरा ट्रक धू-धू कर जलने लगा।

जानकारी के अनुसार घटना दोपहर करीब 3:15 बजे की है। प्रारंभिक जांच में आग लगने का कारण शॉर्ट सर्किट माना जा रहा है। ट्रक में रखा कीमती सामान आग की चपेट में आकर पूरी तरह जल गया, जिससे लाखों रुपये के नुकसान का अनुमान है।
घटना की सूचना मिलते ही झांसी और पारीछा से दमकल विभाग की गाड़ियां मौके पर पहुंचीं और कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया गया।गनीमत रही कि ट्रक खड़ा था और उसमें कोई मौजूद नहीं था, जिससे जनहानि नहीं हुई और एक बड़ा हादसा टल गया।
घटना के दौरान मौके पर लोगों की भीड़ जमा हो गई। वहीं, आग से घिरे ट्रक का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है, जिसमें आग की भयावहता साफ नजर आ रही है।

मुख्य अग्निशमन अधिकारी कार्यालय द्वारा दी गयी जानकारी के अनुसार ट्रक मालिक का नाम रश्मि यादव पति बलबीर सिंह यादव है । घटना की जमकारी मिलते ही फायर सर्विस यूनिट तत्काल घटनास्थल के लिए रवाना हुई । मुख्य अग्निशमन अधिकारी राज किशोर राय के नेतृत्व मे फ़ायर सर्विस की दो गाड़ियाँ और परीछा थर्मल पावर प्लांट की एक गाड़ी और डायमंड सीमेंट फै़क्ट्री की गाड़ी ने कड़े परिश्रम के बाद आग को पूर्ण रूप से बुझाया गया ।
