झांसी। महानगर में सड़क सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए वाहनों पर लगाई जा रही अवैध एवं चकाचौंध पैदा करने वाली अतिरिक्त एलईडी, लेजर और अन्य हाई-इंटेंसिटी लाइटों के खिलाफ परिवहन विभाग और पुलिस विभाग जल्द संयुक्त विशेष अभियान चलाएंगे।

अभियान के दौरान नियम विरुद्ध अतिरिक्त लाइटें लगाने वाले वाहन स्वामियों के साथ-साथ ऐसी फिटिंग करने वाले गैरेज, एक्सेसरी शॉप और डीलरों पर भी कार्रवाई की जाएगी।
एआरटीओ हेमचंद गौतम ने बताया कि रात्रि चेकिंग के दौरान यह सामने आया है कि कई वाहन स्वामी अपनी कारों, जीपों, थार और अन्य वाहनों में फैक्ट्री द्वारा स्वीकृत लाइटों के अलावा अत्यधिक तेज रोशनी वाली एलईडी, लेजर अथवा अन्य अतिरिक्त लाइटें लगवा रहे हैं। इनसे सामने से आने वाले वाहन चालकों की आंखों पर तेज चकाचौंध पड़ती है, जिससे सड़क दुर्घटनाओं की आशंका बढ़ जाती है। उन्होंने कहा कि इस प्रकार के अनधिकृत परिवर्तन मोटर वाहन अधिनियम, 1988 और उसके नियमों के विपरीत हैं।
उन्होंने बताया कि विशेष अभियान के दौरान ऐसे वाहनों के चालान किए जाएंगे, प्रतिबंधित लाइटें हटवाई जाएंगी और आवश्यकतानुसार मोटर वाहन अधिनियम के तहत अन्य वैधानिक कार्रवाई भी की जाएगी। साथ ही अवैध लाइटें लगाने वाले गैरेज, एक्सेसरी शॉप और डीलरों के खिलाफ भी नियमानुसार कार्रवाई होगी।
एआरटीओ ने वाहन स्वामियों से अपील की है कि वे अपने वाहनों से अनधिकृत एवं चकाचौंध पैदा करने वाली अतिरिक्त लाइटें तत्काल हटवा लें और केवल निर्माता द्वारा स्वीकृत तथा नियमों के अनुरूप प्रकाश व्यवस्था का ही उपयोग करें। उन्होंने कहा कि सड़क सुरक्षा सभी की सामूहिक जिम्मेदारी है और एक छोटी-सी सावधानी किसी की जान बचा सकती है।
