झांसी। उत्तर प्रदेश माध्यमिक शिक्षा परिषद के हालिया परीक्षा परिणाम में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले विद्यार्थियों को बाल भारती इंटर कॉलेज, खाती बाबा में सम्मानित किया गया। विद्यालय परिसर में आयोजित समारोह में 75 प्रतिशत से अधिक अंक प्राप्त करने वाले छात्र-छात्राओं को माल्यार्पण कर उनका उत्साहवर्धन किया गया।

विद्यालय में सर्वोच्च अंक प्राप्त करने वालों में अनामिका श्रीवास (85%), जानवी शाक्य (80%), प्रथम खजुरिया (79%), आफरीन बानो (77%), अमन झा (77%) और संगम शाक्य (76%) प्रमुख रहे।
कार्यक्रम का शुभारंभ प्रधानाचार्य लक्ष्मी राममूर्ति अय्यर, प्रबंधक अरशद खान तथा पूर्व एयरफोर्स अधिकारी इम्तियाज खान ने दीप प्रज्वलित कर किया। इसके बाद मेधावी विद्यार्थियों को सम्मानित किया गया।
प्रबंधक अरशद खान ने विद्यार्थियों को आत्मविश्वास के साथ आगे बढ़ने और बिना डर के प्रयास करने की प्रेरणा दी। वहीं सामाजिक विज्ञान की अध्यापिका वैशाली खजुरिया ने असफलता से सीख लेकर निरंतर प्रयास करते रहने को सफलता की कुंजी बताया।
इस अवसर पर अन्य मेधावी विद्यार्थियों में मनप्रीत कौर, युवराज सिंह बुंदेला, हिमांशु शाक्य और विकल्प सिंह बुंदेला सहित कई छात्र-छात्राओं को भी सम्मानित किया गया। विद्यालय में आयोजित इस सम्मान समारोह ने छात्रों के उत्साह को नई ऊर्जा दी है और अन्य विद्यार्थियों को भी बेहतर प्रदर्शन के लिए प्रेरित किया है।
वैभव सिंह
बुंदेलखंड कनेक्शन
