पीईटी परीक्षा  

37 केंद्रों पर 21 हजार से अधिक अभ्यर्थियों  ने दी पीईटी परीक्षा  

//

झांसी। जनपद में प्रशासन की चाक चौबंद व्यवस्थाओं के बीच  प्रारम्भिक अर्हता परीक्षा (पीईटी)-2026, नकलविहीन और सुचारु ढंग से संपन्न कराई गयी । जिलाधिकारी गौरांग राठी और वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक विकास कुमार ने राजकीय इंटर कॉलेज स्थित परीक्षा केंद्र का निरीक्षण कर व्यवस्थाओं का जायजा लिया।

अभ्यर्थी संख्या :

अधिकारियों ने बायोमैट्रिक उपस्थिति, सीसीटीवी कैमरों और परीक्षा कक्षों की स्थिति देखी। जिले में 37 केंद्रों पर दो पालियों में परीक्षा आयोजित की गई, जिसमें कुल 21,001 अभ्यर्थी उपस्थित रहे।

पहली पाली में 15,696 अभ्यर्थियों को परीक्षा में शामिल होना था। इनमें से 10,579 उपस्थित रहे, जबकि 5,117 अनुपस्थित रहे। दूसरी पाली में भी 15,696 अभ्यर्थी पंजीकृत थे, जिनमें 10,422 ने परीक्षा दी और 5,274 अनुपस्थित रहे। इस तरह दोनों पालियों में कुल 31,392 अभ्यर्थियों के सापेक्ष 21,001 उपस्थित और 10,391 अनुपस्थित रहे।

परिजनों के लिए इंतज़ाम

निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी और एसएसपी ने परीक्षा केंद्र के बाहर मौजूद अभ्यर्थियों के परिजनों से भी बातचीत की। उन्होंने उनके ठहरने और आवागमन की व्यवस्थाओं के बारे में जानकारी ली। प्रयागराज से आए परिजनों ने बताया कि वे एक दिन पहले झांसी पहुंचे थे और नगर निगम की ओर से उपलब्ध कराए गए आश्रय स्थल पर निःशुल्क ठहरे। उन्होंने टैक्सी से आवागमन के दौरान अतिरिक्त किराया नहीं लिए जाने की भी जानकारी दी।

जिलाधिकारी ने केंद्र व्यवस्थापकों को निर्देश दिए कि परीक्षा केंद्रों पर प्रवेश, बैठने की व्यवस्था, पेयजल, शौचालय और पर्याप्त प्रकाश की व्यवस्था सुनिश्चित रखी जाए। उन्होंने सभी केंद्रों पर सीसीटीवी कैमरे लगातार चालू रखने और परीक्षा की शुचिता बनाए रखने के निर्देश दिए। प्रशासन ने स्पष्ट किया कि किसी भी स्तर पर लापरवाही मिलने पर कार्रवाई की जाएगी।

दूसरी ओर, बाहर से आने वाले अभ्यर्थियों और उनके परिजनों को ठहरने में परेशानी न हो, इसके लिए अधिकारियों ने नगर के रैन बसेरों का निरीक्षण किया। अपर जिलाधिकारी प्रशासन शिव प्रताप शुक्ल ने बताया कि परीक्षा दोनों पालियों में शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न हुई। उन्होंने जानकारी दी कि 30 अक्टूबर और 1 नवंबर 2026 को भी जिले के 37 परीक्षा केंद्रों पर परीक्षा आयोजित की जाएगी।

निरीक्षण के दौरान पुलिस अधीक्षक नगर प्रीति सिंह, राजकीय इंटर कॉलेज के प्रधानाचार्य सतीश कुमार सहित अन्य अधिकारी मौजूद रहे।

वैभव सिंह
बुंदेलखंड कनेक्शन

Leave a Reply

Your email address will not be published.

Previous Story

नगर निगम के सफाई कर्मचारियों ने दी हड़ताल की चेतावनी

Latest from Jhansi

error: Content is protected !!