झांसी। राज्य स्तरीय मल्लखम्ब प्रतियोगिता एवं नए मल्लखम्ब सेंटर का उद्घाटन शनिवार को महानगर स्थित सरस्वती विद्या मंदिर नारायण बाग में किया गया। प्रतियोगिता में प्रदेश के विभिन्न जनपदों से आए खिलाड़ियों ने अपने कौशल का प्रदर्शन किया, जिसमें झांसी के खिलाड़ियों का दबदबा देखने को मिला।
कार्यक्रम का उद्घाटन मुख्य अतिथि शिवकुमार भार्गव विभाग संघ चालक ने किया। विशिष्ट अतिथि के रूप में पवन सरावगी, रवि पांडे, रमाकांत सचान, महेश नगाइच, कुंज बिहारी गुप्ता, राजीव त्रिपाठी सहित अनेक गणमान्य लोग मौजूद रहे। कार्यक्रम की अध्यक्षता एमेच्योर मल्लखम्ब एसोसिएशन के प्रदेश सचिव रवि प्रकाश परिहार ने की।
एसोसिएशन के प्रदेश अध्यक्ष संजीव सरावगी ने बताया कि झांसी में तीसरे मल्लखम्ब सेंटर की स्थापना की गई है। इससे पहले द न्यू एरा पब्लिक स्कूल और राम इंटरनेशनल स्पोर्ट्स अकादमी गुलाम गौस खां पार्क में सेंटर संचालित हो रहे हैं। नया सेंटर सरस्वती विद्या मंदिर नारायण बाग में शुरू किया गया है।प्रतियोगिता संचालक अनिल कुमार पटेल ने बताया कि प्रतियोगिता में राष्ट्रीय निर्णायक हेमंत सिंह परिहार, सूरज निगम, अभिषेक कुमार, रणजीत सिंह परिहार तथा इंटरनेशनल रेफरी बृजेश द्विवेदी ने निर्णायक की भूमिका निभाई। कार्यक्रम का संचालन संजीव कुमार त्रिपाठी ने किया।
प्रतियोगिता में विभिन्न आयु वर्गों में झांसी के खिलाड़ियों ने शानदार प्रदर्शन करते हुए कई वर्गों में प्रथम स्थान हासिल किया। 8 वर्ष से कम आयु बालिका वर्ग में आरुषि राज, 12 वर्ष से कम आयु बालिका वर्ग में पूर्वी कुशवाहा तथा 8 वर्ष से कम आयु बालक वर्ग में प्रहलाद कुशवाहा ने प्रथम स्थान प्राप्त किया। वहीं 14 वर्ष से कम आयु वर्ग की विभिन्न स्पर्धाओं में रौनक कुशवाहा, यश रैकवार, अनन्या कुशवाहा और खुशी कुशवाहा ने उत्कृष्ट प्रदर्शन कर झांसी का नाम रोशन किया।

कार्यक्रम में वर्ल्ड रिकॉर्ड विजेता आदित्य आर्य एवं सूरज आर्य का विशेष सम्मान भी किया गया। अंत में अनिल कुमार पटेल ने सभी अतिथियों एवं प्रतिभागियों का आभार व्यक्त किया।
