झांसी। हॉकी इंडिया ने जूनियर एशिया कप की तैयारियों के तहत ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ होने वाली चार मैचों की घरेलू श्रृंखला के लिए भारतीय अंडर-18 पुरुष हॉकी टीम की घोषणा कर दी है। इस टीम की कप्तानी झांसी के प्रतिभाशाली खिलाड़ी केतन कुशवाहा को सौंपी गई है।

यह श्रृंखला 15 से 20 मई तक भोपाल स्थित भारतीय खेल प्राधिकरण (साई) सेंटर में आयोजित होगी। हॉकी इंडिया द्वारा घोषित 24 सदस्यीय टीम में देशभर के उभरते खिलाड़ियों को शामिल किया गया है।
टीम में गोलकीपिंग की जिम्मेदारी सावन कुमार, आयुष रजक और विशाल बड़ा को दी गई है। डिफेंस में अंश बहुत्रा, आशीष तानी पूर्ति, अरमान सोरेंग, दीपक प्रकाश टोप्पो, करण गौतम और करण धानुक शामिल हैं। वहीं मिडफील्ड में प्रेमचंद सोय, राहुल यादव और वरिंदर सिंह खेल को नियंत्रित करेंगे।
फॉरवर्ड लाइन में कप्तान केतन कुशवाहा के साथ आकाश दीप और शाहरूख अली विपक्षी टीम पर आक्रमण की जिम्मेदारी निभाएंगे।
केतन को कप्तानी मिलने से झांसी के खेल प्रेमियों और हॉकी जगत में खुशी का माहौल है। केतन ने कहा कि ऑस्ट्रेलिया जैसी मजबूत टीम के खिलाफ यह सीरीज जूनियर एशिया कप से पहले टीम को अपनी तैयारियों को परखने और अंतरराष्ट्रीय अनुभव हासिल करने का अच्छा अवसर देगी।
