झांसी। महानगर में शनिवार को आयोजित राष्ट्रीय लोक अदालत में रिकॉर्ड 2 लाख 72 हजार 743 वादों का निस्तारण किया गया।
कार्यक्रम का शुभारंभ जनपद न्यायाधीश कमलेश कच्छल ने किया।इस अवसर पर जनपद न्यायाधीश ने कहा कि तकनीक के समावेश से न्याय प्रक्रिया अधिक पारदर्शी और गतिशील बनेगी। उन्होंने आमजन से लोक अदालतों में अधिक से अधिक सहभागिता कर न्याय प्रक्रिया को सरल एवं सुगम बनाने की अपील की।
लोक अदालत में वैवाहिक, आपराधिक, राजस्व, बैंक ऋण एवं विद्युत विवाद समेत विभिन्न मामलों का समाधान किया गया।

इस दौरान जनपद न्यायालय परिसर में ई-सेवा केंद्र और फ्री लीगल हेल्प डेस्क का भी उद्घाटन हुआ। वहीं पारिवारिक न्यायालय की मध्यस्थता से 16 विवादित दंपतियों के बीच समझौता कराकर उन्हें दोबारा साथ रहने के लिए प्रेरित किया गया।
