झांसी। उत्तर प्रदेश शिक्षा सेवा चयन आयोग प्रयागराज द्वारा आयोजित प्रवक्ता (पीजीटी)-2022 की द्वितीय दिवस परीक्षा रविवार को जनपद के छह परीक्षा केंद्रों पर दो पालियों में सकुशल एवं नकलविहीन वातावरण में सम्पन्न हुई। परीक्षा की निगरानी सीसीटीवी कैमरों एवं कंट्रोल रूम के माध्यम से लगातार की गई।

उत्तर प्रदेश शिक्षा सेवा आयोग के प्रेक्षक डॉ. अखिलेश मिश्रा एवं नोडल अधिकारी/अपर जिलाधिकारी प्रशासन शिव प्रताप शुक्ल ने विभिन्न परीक्षा केंद्रों का निरीक्षण कर व्यवस्थाओं का जायजा लिया। अधिकारियों ने कलेक्ट्रेट स्थित कमांड कंट्रोल रूम पहुंचकर सीसीटीवी कैमरों के माध्यम से परीक्षा कक्षों की लाइव निगरानी भी की।
नोडल अधिकारी शिव प्रताप शुक्ल ने बताया कि प्रथम पाली में कुल 2308 परीक्षार्थी पंजीकृत थे, जिनमें 893 उपस्थित एवं 1415 अनुपस्थित रहे। वहीं द्वितीय पाली में पंजीकृत 1521 परीक्षार्थियों में से 753 उपस्थित एवं 768 अनुपस्थित पाए गए। दोनों पालियों में कुल 2183 परीक्षार्थी अनुपस्थित रहे।
बुंदेलखंड विश्वविद्यालय सहित विभिन्न परीक्षा केंद्रों पर सीसीटीवी कैमरे, वॉइस रिकॉर्डर, पेयजल, शौचालय, विद्युत व्यवस्था एवं रैम्प आदि व्यवस्थाओं का भी निरीक्षण किया गया। महिला परीक्षार्थियों की तलाशी महिला शिक्षिकाओं द्वारा कराए जाने के निर्देश दिए गए। परीक्षा केंद्रों पर पर्याप्त पुलिस बल तैनात रहा तथा वरिष्ठ पुलिस अधिकारियों ने लगातार भ्रमण कर व्यवस्थाओं का जायजा लिया।
