झांसी ।जनपद के गुरसरांय में ‘हर घर जल’ योजना की पोल उस वक्त खुल गई जब भीषण गर्मी में कई दिनों से पानी न मिलने से परेशान महिलाएं सीधे वाटर प्लांट पहुंच गईं। महिलाओं ने अधिकारियों को घेरकर जमकर विरोध जताया और खराब पाइपलाइन व्यवस्था को समस्या की बड़ी वजह बताया।

रामनगर रोड स्थित वाटर प्लांट पर दर्जनों महिलाएं पहुंचीं और जलापूर्ति ठप होने पर विरोध प्रदर्शन किया। महिलाओं का कहना है कि पिछले तीन-चार दिनों से उनके मुहल्ले में पानी की सप्लाई पूरी तरह बंद है, जिससे लोगों को बूंद-बूंद पानी के लिए परेशान होना पड़ रहा है।
महिलाओं ने आरोप लगाया कि इलाके में लगे हैंडपंप भी या तो खराब पड़े हैं या दूषित पानी दे रहे हैं। ऐसे में पीने और घरेलू उपयोग के लिए उन्हें दूर-दराज से पानी लाना पड़ रहा है।
कटरा मुहल्ला वार्ड नंबर 11 के लोगों ने बताया कि पहले क्षेत्र में 4 इंच की पाइपलाइन थी, जिससे पर्याप्त पानी मिलता था, लेकिन अब उसे हटाकर 2 इंच की पाइपलाइन जोड़ दी गई है। इससे पानी का प्रेशर नहीं बन पा रहा और नलों में बूंद-बूंद पानी आ रहा है। लोगों ने मांग की कि पुरानी 4 इंच की पाइपलाइन दोबारा जोड़ी जाए ताकि समस्या का स्थायी समाधान हो सके।
मौके पर मौजूद प्रोजेक्ट मैनेजर कुश शाह ने तकनीकी खराबी का हवाला देते हुए जल्द जलापूर्ति बहाल कराने का आश्वासन दिया। प्रदर्शन के दौरान पार्षद भरत राठौर, रचना देवी, अमर सिंह साहू सहित बड़ी संख्या में महिलाएं और स्थानीय लोग मौजूद रहे।
