झांसी। ऊर्जा संरक्षण और हरित ऊर्जा को बढ़ावा देने की दिशा में झांसी रेल मंडल के प्रयास लगातार जारी हैं। मंडल में स्थापित सौर ऊर्जा संयंत्रों से अगस्त 2026 में 1,14,446 यूनिट बिजली का उत्पादन हुआ, जिससे विद्युत व्यय में करीब 7.41 लाख रुपये की बचत हुई।
वर्तमान वित्तीय वर्ष में अब तक झांसी मंडल के सौर ऊर्जा संयंत्रों से कुल 6,87,779 यूनिट बिजली का संचयी उत्पादन किया जा चुका है। इससे मंडल को अब तक करीब 39.43 लाख रुपये की संचयी बचत प्राप्त हुई है।
अगस्त माह में मंडल के सौर ऊर्जा संयंत्रों का क्षमता उपयोग कारक (सीयूएफ) 8.99 प्रतिशत रहा। रेलवे परिसरों और विभिन्न प्रतिष्ठानों में सौर ऊर्जा के उपयोग से न केवल बिजली खर्च में कमी आ रही है, बल्कि पारंपरिक ऊर्जा स्रोतों पर निर्भरता भी घट रही है।
मंडल रेल प्रबंधक अनिरुद्ध कुमार ने कहा कि झांसी मंडल द्वारा ऊर्जा दक्षता और नवीकरणीय ऊर्जा के क्षेत्र में किए जा रहे प्रयास भारतीय रेल की हरित एवं सतत विकास की पहल के अनुरूप हैं।
