झांसी। महानगर में लगातार बढ़ रही ट्रैफिक जाम की समस्या को गंभीरता से लेते हुए जिलाधिकारी गौरांग राठी ने एनएचएआई, नगर निगम और लोक निर्माण विभाग को 14 मई तक प्रमुख सड़कों की स्थिति सुधारने का समय दिया है।

कलेक्ट्रेट सभागार में आयोजित बैठक में डीएम ने स्पष्ट कहा कि नगरवासियों को जाम से राहत दिलाना प्राथमिकता है और इसमें किसी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
डीएम ने कहा कि जिन सड़कों पर जाम की समस्या अधिक है, उन्हें चिन्हित कर तत्काल सुधार कार्य किए जाएं। साथ ही अतिक्रमण हटाने और पार्किंग व्यवस्था को दुरुस्त करने पर भी जोर दिया गया।
ट्रैफिक पुलिस द्वारा प्रस्तुत रिपोर्ट में शहर के कई प्रमुख स्थानों को जाम का मुख्य कारण बताया गया। इनमें सखी के हनुमान मंदिर अंडरपास के पास सर्विस रोड की खराब स्थिति, मेडिकल बाईपास पर कई जगहों पर सड़क का संकरा और जर्जर होना, तथा रक्सा बाईपास क्षेत्र में सर्विस रोड की बदहाल हालत प्रमुख हैं। डीएम ने इन सभी स्थानों पर तेजी से काम कराने के निर्देश दिए।
रानी लक्ष्मीबाई मेडिकल कॉलेज के गेट नंबर 1 से 3 तक सड़क की खराब स्थिति और डिवाइडर टूटने के कारण हो रही परेशानी को भी गंभीरता से लिया गया। लोक निर्माण विभाग को 10 मई तक इस मार्ग को ठीक करने के निर्देश दिए गए हैं।
इसके अलावा रक्सा बाईपास और शिवानी होटल तिराहे के आसपास सड़कों की खराब स्थिति के चलते लगने वाले जाम पर भी चर्चा हुई। एनएचएआई को 10 मई तक इन कार्यों को पूरा करने का निर्देश दिया गया है, ताकि आवागमन सुचारु हो सके और दुर्घटनाओं की आशंका कम हो।
बैठक में अतिक्रमण हटाने, ई-रिक्शा और ऑटो के लिए व्यवस्थित पार्किंग बनाने तथा शहर में यातायात व्यवस्था को बेहतर करने के लिए दीर्घकालिक योजना बनाने पर भी जोर दिया गया।
इस दौरान ज्वाइंट मजिस्ट्रेट आयुष सैनी, एडीएम शिव प्रताप शुक्ल, एसपी सिटी प्रीति सिंह, नगर निगम और अन्य विभागों के अधिकारी मौजूद रहे।
